हजारों लोग बेघर, सैकड़ों लोग पानी में फंसे, इधर भिंड के अफसरों ने रेस्क्यू बोट में बैठकर मौज-मस्ती का वीडियो बनाया

भिंड. सिंध की बाढ़ ने हजारों लोगों को बेघर कर दिया है। सैकड़ों लोग घंटों सिंध के हिलोरे लेते हुए पानी में फंसे रहे। इस बीच भिंड की लहार तहसील के एसडीएम, एसडीओपी, जनपद सीईओ और एक अन्य अफसरों ने एक बोट में बैठकर मौज-मस्ती का वीडियो बनाया है। अफसर जहां मौज-मस्ती का वीडियो बना रहे थे, वहां से 45 किलोमीटर दूर रौन तहसील के मड़वारी गांव में 300 लोग दो दिन से बाढ़ में फंसे हैं। मड़वारी की एक युवती ने वीडियो जारी कर जान बचाने की गुहार भी लगाई है।

सिंध नदी की बाढ़ से लहार तहसील सबसे पहले प्रभावित हुई। एक दर्जन से ज्यादा गांवों में पानी भर गया। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वायुसेना और आर्मी जिंदगियां बचाने में जुटी हैं, लेकिन अफसरों की यह हरकत शर्मिंदा करने वाली है। गिरवासा गांवों के पास लहार एसडीएम आरए प्रजापति, एसडीओपी अवनीश बंसल, जनपद पंचायत सीईओ आलोक प्रताप इटोरिया और अन्य एक अफसर बोट में बैठकर मौज-मस्ती का वीडियो बनाते रहे। इस वीडियो में एसडीएम लहार आरए प्रजापति बोट में बैठकर हाथ हिला रहे हैं। इस पर एक अफसर कमेंट कर रहा है कि देखो-देखो मोदी जी जैसे हाथ हिला रहे हैं। वहीं, दूसरा अफसर, अपना हाथ उठाकर कॉपी भी करता है। इसके बाद एसडीओपी अवनीश बंसल ने कहा- आप लोग जल्द फोटो खींचो।