शताब्दी एक्सप्रेस की सेफ्टी स्प्रिंग 15वीं बार टूटी, बड़ा हादसा हो सकता है
भोपाल. शताब्दी एक्सप्रेस की सेफ्टी स्प्रिंग गुरूवार को 15वीं बार टूट गई, हबीबगंज स्टेशन पर ट्रेन की जांच के दौरान स्प्रिंग टूटी मिली। यह ट्रेन नई दिल्ली से हबीबगंज स्टेशन के बीच चलती है और ये स्प्रिंग पहिए और ट्रॉली के बीच में लगी होती है इनके टूटने से बड़ी अनहोनी हो सकती है। बीते 5 साल में स्प्रिंग टूटने की यह 15वीं घटना है। ये घटनाएं केवल भोपाल व हीबबगंज स्टेशन पर पकड़ में आई है। दिल्ली से झांसी के बीच भी स्प्रिंग टूटी हो तो इसकी जानकारी नहीं है। रेलवे के जानकारों का कहना है कि स्प्रिंग टूटने से रफ्तार के समय ट्रेन का संतुलन बिगड़ सकता है और बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।
हटाना पड़ा कोच
जानकारी के अनुसार रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि शताब्दी के सी-11 कोच की स्प्रिंग टूटी पाई गई थी जिस हटाना पड़ा। कोच हटाने की स्थिति में यात्रियों को दूसरे कोचों में जगह दी जाती है लेकिन जब तक व्यवस्था न हो पाए तब तक उन यात्रियों को परेशान होना पड़ता है जिनका संबंधित कोच में टिकट होता है। जब भी स्प्रिंग टूटती है और कोच बदलने की नौबत बनती है तो यह दिक्कत आती है।
100 कोच की स्प्रिंग बदली
जर्मन कंपनी द्वारा सप्लाई की गई स्प्रिंग में उपयोग की जाने वाली सामग्री में गड़बड़ी है इसके कारण स्प्रिंग टूट रही है, फरवरी 2017 में रेलवे बोर्ड ने जांच कराई थी इसमें पता चला कि विदेशी कंपनी द्वारा सप्लाई की गई स्प्रिंग के लॉट में ही गड़बड़ी थी तब रेलवे ने 100 कोच की स्प्रिंग बदली थी। विदेशी कंपनी एलपीडीएम को ब्लैक लिस्ट भी किया था।