टाउनहाॅल में पैसा फूंकने के बाद अब गेंट्री और एलईडी लाइट दोबारा लगाने की तैयारी
पहले ट्रैफिक सिग्नल, फिर टाउनहाॅल और अब गेंट्री व एलईडी लाइट्स। नगर निगम द्वारा जिन कामों पर पहले पैसा खर्च किया गया, उन्हें फिर से संवारने के नाम पर स्मार्ट सिटी काॅर्पाेरेशन कराेड़ाें रुपए बर्बाद कर रहा है। इस बार फिजूलखर्ची गेंट्री के नाम पर होने जा रही है। स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन द्वारा लगवाई जा रही स्मार्ट गेंट्री को निगम की गेंट्री के पीछे लगाया जा रहा है। इस कारण निगम को अपनी गेंट्री हटवाना होंगी। यही हाल पहले लगे ट्रैफिक सिग्नल के हैं, उनके पीछे आईटीएमएस लगा दिए गए हैं।
टाउन हॉल: पहले ननि ने 90 लाख खर्च किए, फिर स्मार्ट सिटी ने 81 लाख फूंके
महाराज बाड़ा स्थित टाउन हॉल के जीर्णोद्वार का काम वर्ष 2012 में शुरू हुआ था। नगर निगम ने 90 लाख रुपए खर्च कर कुर्सियां लगाईं थीं। स्टेज भी बनाई थी। इलेक्ट्रिक फिटिंग कर एसी लगाए गए थे। स्मार्ट सिटी काॅर्पोरेशन के गठन के बाद टाउन हाॅल काे फिर से संवारने का काम शुरू हुआ। पहले 70 लाख रुपए में काम हाेना था। काम समय पर पूरा न हाेने से बजट 81 लाख रुपए पहुंच गया है।
गेंट्री: 11 जगह नई गेंट्री लगाने की तैयारी, निगम की हटेंगी
शहर में वर्ष 2014 में गेंट्री लगाने का ठेका नगर निगम ने बीओटी के आधार पर निजी कंपनी को 10 साल के लिए दिया था। इनसे विज्ञापन के जरिए हाेने वाली अाय में से कंपनी निगम काे हर साल 25 लाख रुपए देती है। अब स्मार्ट गेंट्री के नाम पर स्मार्ट सिटी काॅर्पोरेशन 13 करोड़ रुपए खर्च कर रहा है। खास बात ये है कि जहां पहले से नगर निगम की गेंट्री लगीं हुईं हैं, कॉर्पोरेशन वहीं अपनी गेंट्री लगाएगा। तानसेन रेसीडेंसी और झांसी रोड स्थित स्वामी विवेकानंद चौराहे पर फिर से गेंट्री लगाई जा चुकी हैं। अब एजी ऑफिस पुल के पास गेंट्री का काम चल रहा है।
ट्रैफिक सिग्नल: पुराने हटाए नहीं, स्मार्ट सिटी ने नए सिग्नल उनके पीछे ही लगा दिए
5 साल पहले ट्रैफिक पुलिस ने 25 स्थानों पर सिग्नल लगाए थे, जो सौर ऊर्जा से संचालित होते हैं। इन पर दो करोड़ रुपए की राशि खर्च की गई थी। अब स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन 31 जगह नए सिग्नल और कैमरे लगा रही है। इस पर 52 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। 11 जगह सिग्नल चौराहों पर लग चुके हैं। इन्हें पुराने सिग्नल के पीछे ही स्मार्ट सिटी के इंजीनियरों ने लगा दिया। चालू होने के बाद भी वाहन चालक को दूर से सिग्नल साफ नजर नहीं आते हैं।
एलईडी: निगम ने लगाना किया शुरू, स्मार्ट सिटी ने भी जारी किया 31 कराेड़ का टेंडर
150 वाट की सोडियम लाइट को हटाकर 90 वाट की एलईडी लाइट लगाने की योजना नगर निगम ने बनाई थी। 36 हजार खंभों पर ये लाइट लगना हैं।
निगम ने 1.50 करोड़ रुपए खर्च कर फूलबाग से पड़ाव तक डिवाइडर पर एलईडी लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया है। यही काम अब स्मार्ट सिटी कॉर्पाेरेशन करेगा। इसका टेंडर निगम के इंजीनियर ने बनाया था। अब स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन 52 हजार सोडियम लाइट बदलने का प्लान कर चुकी है। इसका टेंडर 31 करोड़ का तय हुआ है।
काम का दोहराव नहीं होना चाहिए
चाहे गेंट्री हो या कोई अन्य सुविधा, किसी काम का दोहराव नहीं होना चाहिए। मैं इस बात का पूरी तरह ध्यान रखूंगा। इससे हम खर्च को बचा सकते हैं। एलईडी प्रोजेक्ट को चेक कराऊंगा।
-शिवम वर्मा, आयुक्त ननि
निगम अपनी गेंट्री शिफ्ट करेगा
शहर की मुख्य सड़कों पर जहां वाहन चालकों की सीधी नजर गेंट्री पर पड़े, ऐसे स्थानों पर स्मार्ट गेंट्री लगाई जा रही हैं। स्मार्ट गेंट्री लगने के बाद ऐसे स्थानाें से निगम अपनी गेंट्री काे दूसरी जगह शिफ्ट करेगा।
-जयति सिंह, सीईओ, स्मार्ट सिटी काॅर्पोरेशन