सीएम ने लैब में हल्दी में मिलावट की जांच कराई; कहा- मिलावटखोरों को छोड़ेंगे नहीं, उन्हें कुचल देंगे

मध्य प्रदेश अब मिलावट से मुक्त होगा। बुधवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अभियान की शुरुआत की। इसके तहत प्रदेश के लिए 9 चलित खाद्य लैब को हरी झंडी दिखाई गई। मंत्रालय में अभियान का शुभारंभ करते हुए शिवराज सिंह ने लैब में हल्दी में मिलावट की जांच भी कराई। उन्होंने कहा कि खाने की चीजों में मिलावट करने वालों को छोड़ेंगे नहीं। हमारी सरकार उन्हें कुचल देगी।

9 संभागीय चलित लैब को हरी झंडी दिखाने के पहले सीएम शिवराज ने हल्दी में मिलावट की जांच कराई। इसे शिवराज ने देखा। इसके बाद बोले- हल्दी में ऐसे तत्व मिला देते हैं, जिससे कैंसर तक हो सकता है। दूध-घी, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों में ऐसी चीजें मिला दी जाती हैं, जिससे घातक बीमारियां हो सकती हैं। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी और कर्तव्य है कि लोगों को खाद्य पदार्थ शुद्ध मिलें। ऐसा अफसरों को सुनिश्चित करना होगा।

सीएम ने कहा कि कुछ स्वार्थी लोग खाद्य सामग्री में मिलावट करते हैं। इसे सख्ती से रोका जाएगा। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि अभियान मिलावटखोरों के खिलाफ है। छोटे व्यापारी और दुकानदारों के खिलाफ नहीं। कलेक्टर ऐसे लोगों के बारे में खुफिया जानकारी एकत्र करेंगे। सीएम ने लोगों से अपील की है कि ऐसे लोगों की जानकारी खुलकर दें। जानकारी देने वाले का नाम भी सामने नहीं आएगा।

बता दें कि बीते हफ्ते भोपाल में प्रशासन और खाद्य अमले ने कार्रवाई करते हुए नकली घी बनाने के बड़ी फैक्ट्री पकड़ी था। यहां 400 किलो नकली घी, 1800 किलो वनस्पति घी और 40 कैन तेल जब्त किया गया था। इसकी सीएम ने सराहना करते हुए प्रदेशभर में मिलावट खोरी के खिलाफ अभियान चलाने का आदेश दिया था।