अब तक 14.11 लाख खर्च कर मुन्नालाल पहले नंबर पर, दूसरे स्थान पर रहे प्रद्युम्न ने 12 लाख बताया खर्च

नाम वापसी के 8 दिन बाद तीन विधानसभा के सभी 35 प्रत्याशियों का चुनाव खर्च अधिकतम लिमिट के 50 फीसदी तक पहुंचा है। इसमें सर्वाधिक 40 फीसदी खर्च होर्डिंग-बैनर पर और 30 फीसदी वाहन व दफ्तर में कार्यकर्ताओं के चाय-नाश्ता, भोजन पर खर्च हुआ है।

प्रत्याशियों ने बाकी खर्च चुनावी सभा, रैली पर बताया है। व्यय लेखा के नोडल अधिकारी व संयुक्त संचालक कोष योगेंद्र सक्सेना ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि लेखा जांच का दूसरा राउंड प्रेक्षक की मौजूदगी में मंगलवार को पूरा हो गया।

डबरा के दो प्रत्याशियों भाजपा से इमरती देवी व हरचरण लाल ने दैनिक खर्च प्रस्तुत नहीं किया। इन्हें बुधवार तक की मोहलत दी गई है। अब सभी प्रत्याशियों को लेखा जांच के लिए 30 अक्टूबर को लेखा प्रस्तुत करने होंगे।

चुनाव में प्रत्याशियों के खर्च को ऐसे समझें

ग्वालियर: यहां भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार तक 12 लाख 352 रुपए चुनाव पर खर्च बताए हैं। इसी विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी सुनील शर्मा ने अब तक 10 लाख 22 हजार 399 रुपए खर्च किए हैं। कुल 9 में से 3 प्रत्याशियों ने अभी तक 10-10 हजार ही खर्च किए हैं।

ग्वालियर पूर्व: भाजपा प्रत्याशी मुन्नालाल गोयल सभी जिले के सभी 35 प्रत्याशियों में खर्च के मामले में आगे चल रहे हैं। उन्होंने मंगलवार तक कुल खर्च 14 लाख 11 हजार 69 रुपए बताया है। यहीं पर कांग्रेस प्रत्याशी सतीश सिकरवार का अब तक का खर्च 10 लाख 13 हजार 304 रुपए तक पहुंचा है। सबसे कम पांच हजार रुपए अब तक निर्दलीय प्रत्याशी मुकेश ने खर्च किए हैं।

डबरा: इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश राजे ने दो अन्य कांग्रेस प्रत्याशियों की तुलना में सबसे कम 7 लाख 93 हजार 494 रुपए खर्च किए हैं। भाजपा प्रत्याशी इमरती देवी का अब तक का खर्च 12 लाख 32 हजार 791 रुपए हो चुका है। इस विधानसभा के 14 में से आधे अर्थात 7 प्रत्याशी ऐसे हैं जिन्होंने पिछले 27 दिन में सिर्फ 5-5 हजार रुपए ही खर्च किए हैं।