बरई के समीप बनने वाले गौ अभ्यारण्य की जमीनी हकीकत अधिकारियों और समिति के सदस्यों ने देखी

महिमा न्यूज़,ग्वालियर। जिले में सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित गायों और बैलों के लिए बरई के पास गौ अभ्यारण्य बनाया जायेगा। गौ अभ्यारण्य के लिए स्थल का निरीक्षण शनिवार को कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन, नगर निगम आयुक्त श्री संदीप माकिन सहित गौ अभ्यारण्य जन सहयोग के लिए गठित दल के सदस्यों ने किया।
कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी ने निरीक्षण के दौरान वन विभाग, राजस्व विभाग एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ गायों को रखने के लिए उपयुक्त व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। बरई क्षेत्र में लगभग 130 बीघा शासकीय भूमि पर गौ अभ्यारण्य का निर्माण किया जाना प्रस्तावति है। इसके

लिए नगर निगम ने जमीन आवंटन का प्रस्ताव भी जिला प्रशासन को प्रस्तुत किया है। गौ अभ्यारण्य के बन जाने से जिले की गायों को खुले में विचरण करने हेतु भेजा जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान गौ अभ्यारण्य की भूमि पर पर्याप्त हरियाली और पानी की उपलब्धता भी देखने को मिलेगी।

कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी ने वन विभाग के अधिकारियों से भी गौ अभ्यारण्य बनाने के संबंध में आवश्यक विचार-विमर्श किया। सुरक्षा की दृष्टि से भी पुलिस अधीक्षक ने स्थल का निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों से चर्चा की है। कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी ने कहा है कि निरीक्षण के उपरांत शीघ्र ही गौ अभ्यारण्य स्थापना के संबंध में निर्णय लिया जायेगा।

इस दौरान सन्त कृपाल सिंह महाराज, स्वामी ऋषभदेवानन्द,ग्वालियर कलेक्टर अनुराग चौधरी, एस.पी नवनीत भसीन,नगर निगम कमिश्नर संदीप माकिन, आरटीओ एम.पी सिंह,देवेंद्र तोमर पूर्व नेता प्रतिपक्षम,विनायक गुप्ता जिला अध्यक्ष हिंदू जगरण मंच , बंसत गोडयाले प्रांत प्रमुख बेटी बचाओ ,दीपक राजपाल जिला उपाध्यक्ष हिंदू जगरण मंच क्षेत्र के ग्रामीण भी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि गत दिवस समाज के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों द्वारा शहर की सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित पशुओं के व्यवस्थापन के संबंध में आवश्यक चर्चा और निर्णय लिए गए थे। बैठक में लिए गए निर्णय के परिपालन में ही गौ अभ्यारण्य जन सहयोग के लिए गठित दल के सदस्यों और प्रशासनिक अधिकारियों ने बरई के समीप स्थित शासकीय भूमि का अवलोकन किया।

Mahima News Live 24x7


Mahima News Media Group


Mahima Express Media Group