मप्र में फिर बदलेगा मौसम, 6 अप्रैल से बारिश का अलर्ट

भोपाल. मध्य प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। हवाओं का रूख भी दक्षिणी है। इस वजह से एक बार फिर दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढोतरी होने लगी है। इसी क्रम में प्रदेश में सबसे अधिक 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दमोह में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अभी दो दिन तक तपिश बरकरार रह सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं लू भी चल सकती है। 6 अप्रैल से बादल छाने के कारण दिन के तापमान में गिरावट होने की संभावना है। 7 अप्रैल को राजधानी सहित कई शहरों में वर्षा भी हो सकती है।
छाए रहेंगे बादल
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उससे लगे पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। पश्चिमी राजस्थान और उससे लगे पाकिस्तान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके अतिरिक्त पूर्वी विदर्भ से लेकर तमिलनाडु तक एक द्रोणिका बनी हुई है। हालांकि इन मौसम प्रणालियों का विशेष प्रभाव नहीं रहने के कारण मध्य प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। इस वजह से तापमान धीरे-धीरे बढने लगा है।