गृहमंत्री अमित शाह ने की जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा को लेकर हाई लेवल मीटिंग
नई दिल्ली. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा और विकास कार्यों पर मीटिंग की। बैठक में आर्मी चीफ एमएम नरवणे, केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, अर्धसैनिक सीमा सुरक्षा बल के प्रमुख पंकज सिंह और सीआरपीएफ के कुलदीप सिंह भी मौजूद थे। यह बैठक ऐसे समय पर हुई है, जब तालिबान ने अफगानिस्तान में नई सरकार के गठन का ऐलान किया है।
आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा ने अपना काम अफगानिस्तान में शिफ्ट कर लिया है। दोनों ही आतंकी समूह जम्मू-कश्मीर में एक्टिव है। वह कई हमलों में शामिल रहे हैं। सूत्रों के अनुसार अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति, सीमा पार से घुसपैट रोकने और शांति बनाए रखने के लिए उठाए गए कदमों पर समीक्षा की।
भारत-पाकिस्तान सीमा पर विमानों की लैंडिंग
इधर भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज 40 किमी दूर राजमार्ग पर पहली बार वायुसेना के युद्धक और मालवाहक विमानों ने लैंडिंग की। तीन किलोमीटर लंबी ईएलएफ पर हरक्यूलिस विमान के बाद सुखोई 30-एमकेआइ, एएन-32 और एमआइ-17वी5 हेलीकाप्टर भी उतरे। इस तरह वायुसेना के विभिन्न विमानों व हेलीकाप्टर ने पहली बार किसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनी हवाई पट्टी पर लैंडिंग को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।