उन्नाव में गौ-तस्करों से पुलिस एनकाउंटर, 2 पुलिसकर्मी और 3 तस्कर घायल, 2 को दौड़ाकर पकड़ा

उन्नाव. उत्तर प्रदेश के उन्नाव (Unnao) से खबर है. यहां पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़ (Encounter) हुई है. बताया जा रहा है कि अजगैन थाना क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर गौ-तस्करों की सूचना पर दही थाना पुलिस व एसओजी टीम मौके पर पहुंची. जिस पर गौ-तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. फायरिंग में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है.

वहीं मुठभेड़ में पुलिस की गोली से 3 गौ-तस्कर भी जख्मी हो गए. भाग रहे 2 गौ तस्करों को पुलिस ने दबोच लिया है. घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अब गिरफ्तार हुए गौ तस्करों का नेटवर्क खंगालने में जुटी है.

उन्नाव में पुलिस के ऑपरेशन प्रहार में बड़ी सफलता हाथ लगी है. अजगैन थाना क्षेत्र के दरिया बाग में देर रात पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए, जबकि पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीन गौ तस्कर गोली लगने से घायल हो गए. पुलिस ने 2 गौ तस्करों को दौड़ा कर दबोच लिया.

पुलिस मुठभेड़ में उन्नाव के रहने वाले सलमान, लखनऊ के रहने वाले लकी और मंगल कश्यप घायल हुए हैं, जबकि उन्नाव के रहने वाले कल्लू और मोनू राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है. सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

6 आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं. एएसपी शशिशेखर सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि जंगल में कुछ गौ-तस्कर गोवध करने की फिराक में हैं. एसओजी टीम, थाना दही, प्रभारी इंस्पेक्टर सोहरामऊ, हसनगंज व औरास मौके पर पहुंचे. उनके द्वारा मौके पर अभियुक्तों को ललकारा गया. इस मुठभेड़ में तीन अभियुक्तों को गोली लगी है. बदमाशों की फायरिंग में पुलिस के 2 हेड कांस्टेबल, 1 कांस्टेबल को गोली लगी है. सभी खतरे से बाहर हैं.

उन्होंने बताया कि दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया, तीन जो घायल हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है. साथ ही जो मौके से भाग गए हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी. गैंगस्टर की कार्रवाई भी होगी. यही नहीं इन अपराधियों ने जो भी संपत्ति अर्जित की है, उसके विरूद्ध दंडात्मक कार्रवाई करेंगे.