Jamui News: चौरा स्टेशन को उड़ाने की नक्सली धमकी, पटना-हावड़ा रेलमार्ग पर घंटों तक ट्रेनों का परिचालन ठप

जमुई. नक्सलियों ने एक बार फिर दुस्साहस दिखाते हुए जिले के चौरा हाल्ट स्टेशन को उड़ाने की धमकी दी और कई घंटों तक रेल परिचालन को ठप करवा दिया. घटना सुबह 3:45 की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि एक नक्सली परंपरागत वर्दी में आया और स्टेशन मास्टर को धमकाते हुए रेल परिचालन को ठप करवा दिया. इस कारण सुबह 3:45 से लेकर 5:15 तक परिचालन ठप रहा. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंची और रेल ट्रैक की जांच के बाद परिचालन को सामान्य किया गया.

स्टेशन मास्टर विनय कुमार ने बताया कि नक्सली एक की संख्या में था और स्टेशन उड़ाने की धमकी देते हुए रेल परिचालन को बंद करवा दिया था. मौके पर पहुंचे एसपी प्रमोद कुमार मंडल ने बताया परिचालन सामान्य हो गया है और मामले की जांच की जा रही है. बता दें कि यह घटना तब हुई जब भागलपुर सहित पूर्वी बिहार में नक्‍सली हमले के खुफिया इनपुट के बाद पुलिस अलर्ट पर थी. इसके बावजूद यह वारदात हो गई.

बताया जा रहा है कि नक्‍सली 29 जुलाई से तीन अगस्त के बीच अपने मारे गए साथियों की याद में शहीद सप्ताह मना रहे हैं. इस दौरान शनिवार की सुबह स्‍टेशन पर पहुंचे नक्‍सलियों ने रेलकर्मियों को हथियार के बल पर कब्‍जा में ले लिया. इसके बाद स्‍टेशन होकर ट्रेनों को चलने से रोक दिया. इस कारण स्‍टेशन के दोनों तरफ अन्‍य स्टेशनों पर ट्रेनें खड़ी हो गईं. नक्‍सली हमले के पहले इस मार्ग से होकर अंतिम ट्रेन साउथ बिहार एक्सप्रेस सुबह 3:20 में गुजरी थी. इसके बाद से यह मार्ग घंटों बाधित रहा.