राज कुंद्रा के वकील बोले- 'कंटेंट वल्गर था, लेकिन उसे पोर्न की कैटेगरी में नहीं डाल सकते'
मुंबई. बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) के पति और उद्योगपति राज कुंद्रा (Raj Kundra) को अश्लील फिल्मों (Pornographic Film Racket) के निर्माण और फिर उन्हें कुछ ऐप के जरिए इन्हें अपलोड करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है. 23 तारीख तक वह न्यायिक हिरासत में हैं. मुंबई क्राइम ब्रांच (Mumbai Crime Branch) इस मामले में जांच कर रही है. इसी साल फरवरी में सामने आए इस केस में पुलिस ने 6 महीनों की जांच के बाद राज कुंद्रा समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इस मामले पर अब राज कुंद्रा के वकील का स्टेटमेंट भी सामने आ गया है.
राज कुंद्रा के वकील ने कोर्ट में तर्क दिया है कि कंटेंट वल्गर था, लेकिन उसे पोर्न की कैटेगरी में नहीं डाल सकते. टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि इस रिमांड में कुछ भी ऐसा नहीं दिखा है कि दोनों शख्स राज और रयान पोर्नोग्राफिक कंटेंट बना रहे थे.
उन्होंने अश्लील सामग्री के संबंध में अन्य धाराओं के साथ इलेक्ट्रॉनिक रूप में अश्लील सामग्री भेजने पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 ए के आवेदन पर भी आपत्ति जताई, क्योंकि ये कानून 'वास्तविक संभोग' को अश्लील मानते हैं और बाकी सब कुछ वल्गर कंटेंट के रूप में कहा जाता है.
राज कुंद्रा की गिरफ्तारी पर वकील ने आगे कहा कि गिरफ्तारी तब होनी थी जब उसके बिना जांच आगे नहीं हो सकती थी, लेकिन इस केस में गिरफ्तारी के बाद उनसे इन्वेस्टिगेशन की गई. राज के वकील ने ये भी कहा कि उनकी गिरफ्तारी कानून के हिसाब से नहीं हुई है.
राज कुंद्रा ने मामले में अग्रिम जमानत मांगी थी. साथ ही, पुलिस ने ये भी स्पष्ट किया कि उन्हें इसमें शिल्पा शेट्टी की कोई संलिप्तता नहीं मिली है.
आपको बता दें कि टाइम्स ऑफ इंडिया ने मुंबई पुलिस के सूत्रों के हवाले से ये दावा किया है कि मुंबई पुलिस के हाथ कुछ अहम इलेक्ट्रोनिक सबूत मिले हैं. इन सबूतों की मानें तो राज पोर्न बिजनेस को बॉलीवुड जैसा बड़ा बनाना चाहते थे. इतना ही नहीं राज 'लाइव सेक्शुअल एक्ट' को इस बिजनेस का फ्यूचर मानते थे. मुंबई के जॉइंट पुलिस कमिश्नर मिलिंद भ्राम्बे ने बताया कि राज की 'हॉटशॉट' समेत इस तरह की सभी साइटों को एप्पल और गूगल प्लेस्टोर से हटा दिया गया है.