जम्मू-कश्मीर के बाजारों में बड़े हमलों की साजिश नाकाम, शोपियां से आतंकी गिरफ्तार
श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) के बाजारों में आतंकी हमले (Terror Attack) की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है. कश्मीर के शोपियां से सोमवार को तीन आतंकियों को इस सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है. न्यूज़18 को मिली जानकारी के मुताबिक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा बड़े हमलों की तैयारी कर रहा था. निशाने पर भीड़-भाड़ वाले बाजार थे. ठीक एक दिन पहले यानी रविवार को जम्मू के एयरपोर्ट पर ड्रोन के जरिए दो धमाके किये गए हैं. इन हमलों के पीछे भी लश्कर का ही हाथ बताया गया है. आतंकी सगंठन ने जम्मू में हमलों की योजना बना रखी थी.
पुलिस ने नासिर-उल-हक नाम के एक आतंकी की गिरफ्तारी 6 किलो आईईडी विस्फोटक सामग्री के साथ की है. उसे जम्मू में कई भीड़ वाले बाजारों को निशाना बनाना था. जम्मू के एसएसपी चंदन कोहली ने कहा है कि नासिर की गिरफ्तारी के साथ ही बड़े आतंकी हमले को नाकाम करने में सफलता मिली है. नासिर पाकिस्तान और दक्षिणी कश्मीर के शोपियां में बैठे आतंकी सरगनाओं के संपर्क में था.
संदेहास्पद ड्रोन हमले को किया गया नाकाम
वहीं सोमवार को एक अन्य घटनाक्रम में सेना ने दो संदेहास्पद ड्रोन पर फायरिंग की. ये ड्रोन ब्रिगेड हेडक्वार्टर के ऊपर मंडरा रहे थे. अधिकारियों ने कहा है कि 27-28 जून की रात को दो अलग अलग ड्रोन दिखाई दिए. तुरंत हाईअलर्ट घोषित किया गया. क्विक रिस्पॉन्स टीम ने एक्शन लेते हुए फायरिंग की. कश्मीर में इस वक्त सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं.
हाल में हुई है बैठक
बता दें बीते 24 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जम्मू-कश्मीर के नेताओं से बातचीत की थी. इस सकारात्मक बातचीत के बाद माना जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा एक बार फिर वापस किया जा सकता है. केंद्र की तरफ से कहा गया था कि सबसे पहले परिसीमन किया जाएगा और उसके बाद ही आगे कोई कदम उठाया जाएगा.