भिवानी पहुंचने पर बाबा रामदेव का जबरदस्त विरोध, IMA और किसान संगठनों ने दिखाए काले झंडे

भिवानी. योग गुरु बाबा रामदेव (Baba Ramdev) का सोमवार को भिवानी पहुंचने पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (Indian Medical Association) और किसान संगठनों ने जमकर विरोध किया. इस दौरान बाबा रामदेव को काले झंडे दिखाए गए. रामदेव के विवादित बयान को लेकर विरोध कर रहे इन लोगों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की. बता दें कि रामदेव यहां एक कार्यक्रम में शिरकत करने आए थे.
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. करण पुनिया ने कहा कि बाबा रामदेव ने स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले लोगों के खिलाफ अनर्गल टिप्पणियां की हैं. उन्होंने मांग की कि बाबा रामदेव पर देशद्रोह का मामला चलाया जाए. वो सम्मानजनक डॉक्टरों के खिलाफ गलत बयानबाजी करके एलोपैथी को गलत ठहरा रहे हैं. डॉ. करण पुनिया का कहना है कि स्‍वामी रामदेव अपने सामानों के प्रचार के लिए ये सब कर रहे हैं.

एलोपैथी को लेकर रामदेव ने दिया था बयान

बता दें कि बाबा रामदेव ने कुछ दिन पहले एलोपैथी पर बयान देकर पूरे देश में बवाल खड़ा कर दिया था. उन्होंने कहा कि एलोपैथी ‘मूर्खतापूर्ण विज्ञान’ है. बाबा रामदेव ने कहा था कि एलोपैथी दवाएं लेने के बाद लाखों की संख्या में मरीजों की मौत हुई है. बाबा रामदेव ने एक योग शिविर में एक युवक से हुई बातचीत का हवाला देते हुए डॉक्टर को टर्र-टर्र कहते हुए तंज कसा था.

बता दें कि एलोपैथी पर दिए गए बयान को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), झारखंड ने योग गुरु बाबा रामदेव (रामकृष्ण यादव) को लीगल नोटिस भेजा था. आईएमए के राज्य सचिव डॉ. प्रदीप कुमार सिंह एवं आईएमए (रांची) के अध्यक्ष डॉ. शंभु प्रसाद सिंह की ओर से भेजे गए नोटिस में निर्धारित अवधि में उनसे जवाब मांगा गया. साथ ही मांग की गई है कि बाबा रामदेव वीडियो संदेश जारी कर डॉक्टर समुदाय से बिना शर्त माफी मांगे.