ऑटोमोबाइल सेक्टर को छूट और इलेक्ट्रॉनिक को गाइड लाइन का इंतजार
कोरोना महामारी के बीच 15 जनवरी से लगने वाले ग्वालियर व्यापार मेले में इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर के कारोबारी शासन की गाइडलाइन को लेकर असमंजस में हैं। कारोबारियों का मानना है कि मेले में भीड़ के बीच नियमों का पालन किस तरह होगा, इसके लिए प्लानिंग की जरूरत है।
ऑटोमोबाइल सेक्टर के कारोबारी शासन से रोड टैक्स में 50% की छूट व कंपनियों से गाड़ियों की पर्याप्त उपलब्धता का भरोसा मिलने के बाद मेले में शामिल होने का निर्णय कर चुके हैं। डीलरों ने कंपनियों को डिमांड प्लान भेजा है, क्योंकि, गाड़ियों पर 1 से 3 महीने तक की वेटिंग चल रही।
केंद्रीय मंत्री-सांसद से मिलेंगे
कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स, कैट द्वारा मेले में गाड़ी खरीदने पर रोड टैक्स में छूट के लिए केंद्रीय मंत्री, सांसद व अन्य जनप्रतिनिधियों से मांग की जाएगी। बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में कैट के प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र जैन, मेला व्यवसायी संघ के महामंत्री महेश मुदगल ने बताया कि संगठन प्रतिनिधि दिल्ली जाकर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात करेंगे। 24 दिसंबर को सांसद विवेक शेजवलकर व 26 दिसंबर को सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर छूट दिलाने का आग्रह करेंगे।
छूट मिलने पर मेले में जा पाएंगे
मेले को देखते हुए डीलरों ने अपनी कंपनियों को गाड़ियों का डिमांड प्लान भेजा है, वहां से स्वीकृति व शासन से रोड टैक्स में 50% की छूट आने पर पर ही हम लोग मेले में जा पाएंगे।
- हरीकांत समाधिया, अध्यक्ष/ग्वालियर व्हीकल डीलर एसोसिएशन
गाइड लाइन देखकर लेंगे निर्णय
कोविड गाइडलाइन की जानकारी नहीं है। पहले हम गाइडलाइन को समझेंगे, उसके बाद कोई निर्णय ले पाएंगे। फिलहाल, कंपनियों से उत्पादों को लेकर चर्चा शुरू कर दी गई है।
- नवीन माहेश्वरी, संचालक/मनीष सेल्स
आदेश के इंतजार में प्राधिकरण, तैयारियों में होगी देरी
कैट और व्यापार मेला महासंघ पदाधिकारियों से हुई मुलाकात में मंगलवार को प्रदेश के एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा से मुलाकात की थी। जिसमें श्री सकलेचा ने 15 जनवरी से मेला लगाने का आश्वासन दिया। लेकिन मेला प्राधिकरण के पास अब तक इसके लिए कोई आदेश नहीं पहुंचा है, इसलिए प्राधिकरण ने कोई तैयारी भी शुरू नहीं की।