चंद्रयान 2: लैंडिंग के वक्त अहम होंगे ये 4 घंटे, फिर 2 साल तक मिलेंगी तस्वीरें

शुक्रवार की देर रात भारत का चंद्रयान-2 चांद की सतह पर लैंड करेगा. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के वैज्ञानिकों की मेहनत का नतीजा आज सामने होगा और इस पल के साक्षी खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बनेंगे. पीएम मोदी शुक्रवार देर रात को ही बेंगलुरु के ISRO सेंटर में पहुंचेंगे, जहां पर वह स्कूली बच्चों के साथ इस पल को देखेंगे.

चंद्रयान-2 का विक्रम लैंडर जब आज चांद पर लैंड करेगा तो शुरुआती कुछ घंटे काफी महत्वपूर्ण रहने वाले हैं. लैंडिंग की प्रक्रिया देर रात 1 बजे के आसपास शुरू होगी, जो 7 सितंबर सुबह तक जारी रहेगी. और यही पल धड़कन बढ़ाने वाले होंगे. खास बात ये भी है कि भारत पहली बार अपने किसी यान की सॉफ्ट लैंडिंग कराने जा रहा है.