CM योगी ने आंगनबाड़ी वर्कर्स के लिए खोला खजाना, मानदेय में 50 फीसदी बढ़ोतरी का ऐलान
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार आज आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बड़ा तोहफा देने वाली है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में 50 फीसदी बढ़ोतरी का ऐलान करेगी. सरकार के इस फैसले से प्रदेश की डेढ़ लाख से ज्यादा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. इसे महिला कर्मचारियों के लिए सरकार की बड़ी सौगात माना जा रहा है.
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 4 हजार रुपये और सहायिकाओं का 2 हजार रुपये बढ़ाया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में मानदेय बढ़ाने की घोषणा करेंगे. इसी कार्यक्रम में नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे. अयोध्या प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.
महिला एवं बाल कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बताया कि प्रदेश में 71,310 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भर्ती की गई है. इनमें 21,804 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 49,506 सहायिकाएं शामिल हैं. मानदेय बढ़ोतरी की घोषणा के साथ सरकार की ओर से मानदेय पर काम करने वाले कर्मचारियों को राहत देने की तैयारी है.