क्या JDU का बदल जाएगा नाम, आज पटना की बड़ी बैठक में हो सकता है अहम फैसला

पटनाः बिहार की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. आज पटना स्थित जेडीयू दफ्तर में पार्टी की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है. यह आयोजन सुबह 11 बजे से शुरू होगा. इसमें जेडीयू विधान मंडल के सभी सदस्य और पार्टी के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे.
यह मुख्य रूप से विधायकों का एक प्रबोधन कार्यक्रम है. इसमें विधायकों को विधायी कार्यों की जानकारी और ट्रेनिंग दी जाएगी. विधायकों को ट्रेनिंग देने के लिए खास तौर पर दिल्ली से विशेषज्ञों को बुलाया गया है. ट्रेनिंग के साथ-साथ इस बैठक में वर्तमान राजनीतिक हालात पर भी गहन चर्चा होने की पूरी संभावना है.
उठ सकती है पार्टी का नाम बदलने की मांग
सूत्रों के हवाले से खबर है कि इस प्रबोधन कार्यक्रम के दौरान पार्टी के नाम को बदलने की मांग उठ सकती है. कुछ विधायक बैठक में जेडीयू का नाम बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखने की मांग उठा सकते हैं. बताया जा रहा है कि जेडीयू का नाम बदलकर ‘जनता दल नीतीश’ करने का सुझाव दिया जा सकता है.

निशांत कुमार की भूमिका पर होगी चर्चा
इसके अलावा जेडीयू की भावी सियासत में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की भूमिका को लेकर भी चर्चा गरम है. सूत्रों के मुताबिक बैठक में निशांत कुमार को राजनीति में लाने या पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी देने का मुद्दा भी उठ सकता है.
कुल मिलाकर आज जेडीयू दफ्तर में होने वाली यह बैठक केवल विधायकों की ट्रेनिंग तक सीमित नहीं रहेगी. इसमें संगठन, नेतृत्व और आगामी राजनीतिक दिशा से जुड़े कई अहम फैसले या चर्चाएं देखने को मिल सकती हैं.