दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता बहुत खराब होने का पूर्वानुमान, GRAP-2 किया गया लागू, जानें इसका मतलब

नई दिल्ली: दिल्ली की वायु गुणवत्ता, जो वर्तमान में ‘खराब’ श्रेणी में है, उसके 22 अक्टूबर तक ‘बहुत खराब’ होने की संभावना है, यह अनुमान लगाते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की उप-समिति ने दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के चरण II के उपायों को लागू किया. इसने डीजल जनरेटर सेट, कोयले और जलाऊ लकड़ी के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिसमें होटल, रेस्तरां और भोजनालयों में तंदूर भी शामिल हैं. पिछले वर्षों के विपरीत, संशोधित GRAP का चरण II, III और IV पूर्वानुमान के आधार पर तीन दिन पहले लागू होता है. उप-समिति ने एनसीआर के नागरिकों से निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की है.

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के दूसरे चरण के उपायों को लागू करते हुए बुधवार को अपने आदेश में कहा, ‘दिल्ली में वायु गुणवत्ता में गिरावट का पूर्वानुमान है और 22 अक्टूबर से AQI ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंच सकता है. इसके कारण शांत हवा और स्थिर वायुमंडलीय स्थिति उत्पन्न होने की संभावना है.’ 24 अक्टूबर को दीपावली से स्थिति और खराब होने की आशंका है. इसलिए, हवा की गुणवत्ता को और खराब होने से रोकने के प्रयास में, उप-समिति ने निर्णय लिया कि एनसीआर में जीआरएपी के चरण I के साथ ही चरण II के तहत सभी कार्यों को संबंधित एजेंसियों द्वारा तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए.

डीजल जनरेटर सेट पर प्रतिबंध
सीएक्यूएम आदेश ने अस्पतालों और नर्सिंग होम, लिफ्ट, एस्केलेटर, ट्रैवलेटर, रेलवे सेवाओं, मेट्रो सेवाओं, हवाई अड्डों, आईएसबीटी, सीवेज उपचार संयंत्रों, जल पंपिंग स्टेशनों, राष्ट्रीय सुरक्षा में चिकित्सा सेवाओं, रक्षा संबंधी गतिविधियों, राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं और दूरसंचार/डेटा सर्विस जैसी आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं को छोड़कर, अन्य जगह उपयोग होने वाले डीजल जनरेटर सेट के उपयोग पर रोक लगा दी. हालांकि, किसी भी क्षेत्र के लिए सीएनजी/पीएनजी/एलपीजी से चलने वाले जनरेटर सेट के संचालन पर कोई प्रतिबंध नहीं है. उद्योगों के लिए, सीएक्यूएम ने पहले ही दोहरे ईंधन वाले डीजी सेट के उपयोग को दिन में अधिकतम 2 घंटे चलाने की अनुमति दी है.

ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान स्टेज II के तहत सड़कों की मशीनीकृत सफाई, निजी परिवहन को हतोत्साहित करने के लिए पार्किंग शुल्क में वृद्धि, अतिरिक्त बेड़े की खरीद करके सीएनजी/इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ाने और मेट्रो सेवाओं की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशंस को अपने सिक्योरिटी स्टाफ को ठंड में इलेक्ट्रिक हीटर देने के लिए कहा गया है, जिससे उनके द्वारा खुले में बायोमास और ठोस अपशिष्ट जलाने की नौबत न आए. नागरिकों को अपने ऑटोमोबाइल में निश्चित समयांतराल पर नियमित रूप से एयर फिल्टर बदलने और धूल पैदा करने वाली निर्माण गतिविधियों से बचने के लिए कहा गया है. इस बीच, राजधानी दिल्ली का समग्र एक्यूआई 228 है और वायु गुणवत्ता 21 अक्टूबर तक खराब श्रेणी में रहने की संभावना है.