प्रीमियम पेट्रोल ₹2.35 प्रति लीटर तक महंगा हुआ

नई दिल्ली. सरकारी तेल कंपनियों ने स्पीड और पावर जैसे प्रीमियम पेट्रोल की कीमतें शुक्रवार को 2.09- 2.35 प्रति लीटर तक बढा दी है। यह बढोतरी अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के चलते कच्चे तेल की कीमतें बढने की वजह से की गई है। यह बढोतरी अलग-अलग राज्यों और शहरों के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है। प्रीमियम पेट्रोल की बढी हुई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू मानी जा रही है। प्रीमियम पेट्रोल बीपीसीएल का स्पीड, एचपीसीएल का पावर और आईओसीएल का एक्सपी95 के नाम से बिकता है। वहीं सामान्य पेट्रोल पुराने दाम पर ही मिलता रहेगा। फिलहाल इनके दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
प्रीमियम पेट्रोल की कीमते क्यों बढी
प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में इजाफे के पीछे मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढाव और प्रीमियम फ्यूल में मिलाए जाने वाले एडिटिव्स की लागत बढना माना जा रहा है। सामान्य पेट्रोल के मुकाबले यह पहले से ही 5 से 10 रुपए महंगा होता है। अब इस बढोतरी के बाद यह अंतर और बढ जाएगा।
लग्जरी कार या हाई परफॉरमेंस स्पोर्ट्स बाइक्स पर ज्यादा पडेगा
आम जनता के लिए राहत की बात यह है कि बेस फ्यूल यानी सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नहीं छेडा गया है। तेल कंपनियों ने आखिरी बार मार्च 2024 में आम पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 2 रुपए कटौती की थी। प्रीमियम फ्यूल की बिक्री कुल पेट्रोल बिक्री का एक छोटा हिस्सा होती है इसलिए इस बढोतरी का असर उन लोगों पर ज्यादा पडेगा जिनके पास लग्जरी कारें या हाई-परफॉरमेंस स्पोर्ट्स बाइक्स है।