चारधाम यात्रा का पहले ही दिन 1.23 लाख श्रद्धालुओं का कराया रजिस्ट्रेशन

देहरादून-उत्तराखंड की इस वर्ष की चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 6 मार्च से शुरू हो गई है। आस्था के इस महापर्व के पहले दिन देशभर के 1.23 लाख श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया। भक्तों का सबसे अधिक झुकाव भगवान केदारनाथ के दर्शनों के लिए है। हिमालय की गोद में बसे बाबा केदार के दर्शनों के लिए पहले दिन 42,311 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया।
वहीं, बद्री विशाल के लिए 36,495 श्रद्धालुओं ने श्रद्धा प्रकट की है। गंगोत्री के लिए 22,702 और यमुनोत्री के लिए 22,280 ने पंजीकरण कराया है। पंजीकरण की कुल संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले कम रही है। वर्ष 2025 में पहले दिन यह आंकड़ा 1.65 लाख तक पहुंच गया था। हालांकि, माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह संख्या पिछले रिकॉर्ड तोड़ सकती है। पिछले साल करीब 52 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा की थी, जबकि 72 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाया था।
ऐसे कराएं रजिस्ट्रेशन
• registrationandtouristcare.uk.gov.in वेबसाइट पर जाएं।
• व्हाट्सएप नंबर 8394833833 पर YATRA टाइप करें। सवालों के जवाब दें। रजिस्ट्रेशन हो जाएगा।
• टोल फ्री नंबर 01351364 पर कॉल करें। प्रतिनिधि मदद करेगा।
• Tourist Care Uttarakhand ऐप डाउनलोड करें।
17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण
चारधाम यात्रा प्रशासन के ओएसडी प्रजापति नौटियाल के अनुसार, यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है। इसलिए 2 दिन पहले 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण काउंटर खोल दिए जाएंगे। यहां यात्री सीधे आकर आधार कार्ड के जरिए पंजीकरण करवा सकेंगे।