अटल टनल के पास 15 घंटे तक फंसे सैंकड़ों सैलानी, गाड़ियों में काटनी पड़ी रात

हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटे में भारी बारिश और बर्फबारी देखने को मिली है. मनाली की अटल टनल के आसपास भारी हिमपात की वजह से बीते रविवार दोपहर से ही सैलानी फंसे हुए हैं. गाड़ियों में ही सैलानियों की रातें कटीं हैं. टनल के पास लेह मनाली हाईवे पर भारी फिसलन की वजह से गाड़ियों की आवाजाही पर ब्रेक लग गया. यहां पर बीती रात को एक हजार से अधिक गाड़ियां फंस गई थी, जिनमें से कुछ को निकाल लिया गया है और कुछ को निकाला जा रहा है. अब तक करीब 70 फीसदी गाड़ियों को निकाला गया है.
जानकारी के अनुसार, मनाली के आसपास के इलाकों में अब भी दूसरे दिन बर्फबारी हो रही है. सोलांग वैली में बर्फबारी की वजह से वाहनों को अटल टलन की तरफ अब जाने नहीं दिया जा रहा है.

मंडी जिले के रहने वाले रोहित पराशर ने बताया कि वह करीब 15 घंटे बाद टनल के पास से निकल पाए. रविवार को बर्फबारी के चलते वह टनल के पास फंस गए थे और रातभर फंसे रहे. यहां पर हालात खराब थे. वह लाहौल स्पीति गए थे. इस दौरान टनल के अंदर काफी टूरिस्ट फंसे थे. इसमें कई परिवार शामिल थे.  हालांकि, मनाली के डीएसपी केडी सिंह अपनी टीम के साथ सैलानियों को निकालने के लिए डटे रहे, लेकिन सड़क पर हिमपात के चलते फिसलन बढ़ गई और गाड़ियों को निकालने में भारी दिक्कतें आईं.