नागौर रेलवे स्टेशन पर मधुमक्खियों का स्वार्म अटैक, रेलवे स्टेशन पर चारों ओर अफरा-तफरी मची, महिलाओं ने चादर ओढ़कर बचाई जान
नागौर. राजस्थान के नागौर जिले में स्थित मारवाड मुंडवा रेलवे स्टेशन पर अचानक मधुमक्खियों के हमले से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। ऐसा बताया जा रहा है कि मधुमक्खियों का छत्ता गिरने के बाद उन्होंने यात्रियों पर हमला करना शुरू कर दिया। इस बीच छत्ता सीधे 2 महिलाओं पर गिर गया। जिससे स्टेशन परिसर में भगदड़ मच गयी। घटना के बाद यात्रियों में डर फैल गया। लोगक अपनी जान बचाने के लिये इधर-उधर भागने लगे। स्थिति इतनी गंभीर हो गयी कि कुछ ही देर में पूरा स्टेशन परिसर करीब खाली हो गया। मधुमक्खियों के हमले से लोग स्वयं को बचाने के लिये सुरक्षित जगह तलाशने लगे।
महिला ने चादर ओढ़कर बचाई जान
हमले के दौरान एक महिला ने स्वयं को बचाने के लिये चादर ओड़ ली और वह लम्बे समय तक उसी में छिपकर बैठी रही। हालांकि इसके बावजूद मधुमक्खियां उसका पीछाकरती रहीं । घटनास्थल पर मौजूद अन्य यात्रियों ने महिला की मदद के लिये तत्काल एक और चादर उसकी ओर फेंकी ।दूसरी चादर मिलने के बाद महिला ने स्वयं को पूरी तरह से ढक लिया। जिससे वह किसी तरह सुरक्षित बच सकी। वहीं, दूसरी महिला यात्रिी भी शॉल ओढ़कर स्वयं को छिपाये रही। किसी तरह से मधुमक्खियों के हमले से बचने में कामयाब रहीं।
पीपीई किट पहनकर पहुंची रेस्क्यू टीम
घटना की सूचना मिलते ही मुंडवा अस्पताल से 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने पीपीई किट पहनकर सावधानी के साथ महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.मधुमक्खियों के हमले के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में डर का माहौल बना रहा। जिन लोगों को यात्रा करनी थी, वे अपने मुंह और शरीर को कपड़ों से ढककर टिकट विंडो तक पहुंचे।
स्टेशन पर देर तक बना रहा डर का माहौल
घटना के बाद स्टेशन परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया। यह घटना इस बात को दर्शाती है कि एक छोटा-सा मधुमक्खियों का छत्ता भी अचानक बड़ा खतरा बन सकता है. फिलहाल अस्पताल में भर्ती घायल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।