ग्वालियर में अवैध कॉलोनियों में तुड़ाई, 4 कॉलोनियों में सड़क उखाड़ी खंभे तोड़े, 2 कॉलोनाइजरों पर कार्रवाई

ग्वालियर. किसान से जमीन लेकर सस्ते दामों में कॉलोनी का सपना दिखाने वालों की सामत आ गई है, सिर्फ रजिस्ट्री और डायवर्सन के नाम पर भूखंड बेचने वालों पर रविवार को नगर निगम का बुलडोजर चला। यहां पर चार अवैध कॉलोनी में निगम की टीम ने पहुंचकर सड़कों को बिजली के खंभों को उखाड़ दिया। भूखंड की नींव को भी निकाला गया। इस दौरान लोग निगम की कार्रवई को रोकने आए। उन्हें बताया गया कि कॉलोनाइजर ने निगम और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से अनुमति नहीं ली है। यहीं नहीं कॉलोनाइजर लाइसेंस भी नहीं है। प्रशासन ने निगम को 100 अवैध कॉलोनी की सूची दी है। देखा जाए तो निगम सीमा में सूची 300 के पार की हो चुकी है। राज्य शासन ने अवैघ कॉलोनी बसाने वालों पर एक्शन लेने के निर्देश दिए है। शनिवार को महाराजपुरा थाने से पुलिस बल नहीं मिल पाया था। रविवार को सिटी प्लानर पवन सिंघल के निर्देश पर निगम के अधिकारी सुरेश अहिरवार, बीके त्यागी, महेंद्र अग्रवाल, राजीव सोनी, भवन निरीक्षक डीके गुप्ता, बीवी चंसोलिया, पटवारी सतेंद्र श्रीवास्तव व मदाखलत अधिकारी शैलेंद्र चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बता दें कि नगर निगम के पास पहले से 177 अवैध कॉलोनियों की सूची मौजूद है। निगम के मदाखलत अमले ने भूखंडों की भरी नींव को भी निकलवाया।

दो कॉलोनाइजरों पर कार्रवाई
निगम ने बेहटा ( वार्ड-62) में संजीव शर्मा द्वारा तैयार की जा रही मिस्का एन्क्लेव कॉलोनी के सर्वे क्रमांक 1201, 1202, 1203, 1204,1209,1211,1212 आदि पर बनाई जा रही अवैध कॉलोनी में तुड़ाई की। इनकी दो कॉलोनियां हैं। इसी तरह प्रमोद शर्मा ने सर्वे क्रमांक 1191, 1197 पर अवैध कॉलोनी पर तुड़ाई की कार्रवाई की गई। उक्त सर्वे पर चार कॉलोनी बसाई गई थीं।