ग्वालियर में 7 दिन में माफियाओं की सूची बनाकर चलेगा कड़ा अभियान, कितनी भी जैक वाला हो किसी को नहीं बक्शा जाएगा

भू माफिया, खनन माफिया, मिलावटखोर, चिटफंड जैसे माफियाओं के खिलाफ एक बार फिर जिला प्रशासन सख्त होने जा रहा है। कलेक्टर ने ऐसे संकेत दे दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि 7 दिन में अफसरों को माफियाओं की सूची अपडेट करने के लिए कहा गया है। उसके बाद एंटी माफिया अभियान चलाया जाएगा। माफिया कोई भी हो और कितनी भी जैक वाला हो किसी को भी नहीं बक्शा जाएगा। माफियाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ ऐसा एक्शन लिया जाएगा जो अन्य के लिए सबक होगा।

ग्वालियर में अंतरविभागीय समन्वय बैठक में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने भू-माफिया, खनन माफिया, मिलावटखोर व चिटफंड जैसी अवैध गतिविधियों में लिप्त माफिया को लिस्टेट कर कार्रवाई करने की हिदायत दी है। बैठक में जानकारी दी गई कि एंटी माफिया अभियान के तहत जनवरी व फरवरी माह के दौरान 69 अवैध निर्माण तोड़े गए और 60 एकड़ बेशकीमती जमीन भू-माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराई गई है। शासकीय जमीन पर अतिक्रमण की जुर्रत करने वाले सात भू-माफियाओं के खिलाफ पुलिस थाने में FIR भी दर्ज कराई गई है। इसी अवधि में अवैध उत्खनन के 50 प्रकरण बनाए गए और अवैध उत्खनन करने वाले 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। इसी तरह खाद्य पदार्थों में मिलावट के 45 प्रकरण दर्ज कर सात FIR हुई हैं। इसके अलावा सार्वजनिक वितरण प्रणाली में गड़बड़ी करने वाले दो लोगों के खिलाफ पुलिस में प्रकरण दर्ज कराए गए हैं।