UP Chunav: रामपुर में अखिलेश यादव के सामने अब्दुल्ला आजम क्यों बोले- फिर कोई दूसरा आजम खान नहीं आएगा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण के लिए 10 फरवरी को मतदान हुआ. प्रदेश की सभी प्रमुख पार्टियां अपने-अपने तरीके से इसका विश्लेषण कर रही हैं. इस बीच, राजनीतिक दल दूसरे चरण के चुनाव को लेकर भी जोरशोर से तैयारियों में जुटे हैं. दूसरे चरण के लिए शनिवार को प्रचार अभियान समाप्त हो जाएगा. इससे पहले शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान मंच पर उनके साथ जेल में बंद पार्टी के सांसद आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम भी मौजूद थे. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव आपके गुरूर का है. यदि यह टूटा तो यहां फिर कोई दूसरा आजम खान नहीं आएगा. अब्दुल्ला आजम ने इसके साथ ही कहा कि वह यह मानकर चल रहे हैं कि रामपुर का चुनाव आज (शुक्रवार 11 फरवरी 2022) ही खत्म हो गया.
रामपुर में चुनावी मंच से अखिलेश यादव ने कहा कि वैसे तो विधानसभा चुनाव 2022 का परिणाम 10 मार्च को आना है, पर पहले चरण के परिणाम ने दिखा दिया है कि रिजल्ट क्या आने वाला है. अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों और व्यापारियों ने बीजेपी की खाट खड़ी कर दी है. अखिलेश यादव ने आगे कहा, ‘आजम (खान) साहब आज आपके सामने नहीं हैं. जो छोटी सोच के लोग होते हैं, वो ऐसे ही मुकदमे लगाते हैं. कोई कार्यकर्ता नहीं बचा जिसपर केस न हुआ हो. कभी-कभी तो लगता था सारी पुलिस ही रामपुर आ गई है. ये भ्रष्ट अधिकारी किसी के नहीं होते हैं. अभी उधर मुंह किए हैं.’
बीजेपी पर हमला
अखिलेश यादव ने इस दौरान बीजेपी पर करारा हमला बोला. सपा प्रमुख ने कहा, ‘बीजेपी के छोटे नेता छोटा और बड़े नेता बड़ा झूठ बोलते हैं. उन्होंने कहा कि जो सबसे बड़ा नेता है वह सबसे बड़ा झूठ बोलता है. अखिलेश ने कहा, ‘आपने देखा होगा उनको पैदल-पैदल चलना पड़ा था. वह इतना गुस्सा हुए कि अपने मुख्यमंत्री को स्टूल पर बिठा दिया. लेकिन, अब ये जाने वाले हैं. ये आजम खान साहब की यूनिवर्सिटी खोलने की सोच के खिलाफ हैं. लोग पढ़ लिख जाएंगे तो बीजेपी के झांसे में नहीं आएंगे.’ अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी को सभी जगह से भगाया जा रहा है. जब मैं आया था तो बहुत पुलिस थी, पर पुलिस थक गई और चली गई. उन्होंने अपना वादा दोहराते हुए कहा कि 300 युनिट फ्री बिजली होगी, किसानों के लिए सिंचाई फ्री कर देंगे और 18,000 रुपया सालाना माताओं-बहनों को दिया जाएगा.