AAP के गढ़ में मुकाबला करेंगे चन्नी; CM को दो सीट से उतारने के पीछे क्या है कांग्रेस की रणनीति?

चंडीगढ़. पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Election) में कांग्रेस (Congress) ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (CM Charanjit Singh Channi) को दूसरी सीट से उतारने की घोषणा की है. यह घोषणा ऐसे समय हुई, जब कुछ ही दिन पहले पंजाब (Punjab) के दौरे पर आए कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा था कि राज्य में पार्टी मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी (CM Candidate) घोषित करेगी. इसके बाद चन्नी की दूसरी सीट के ऐलान ने तरह-तरह के अनुमानों को हवा दी है. डालते हैं, इनसे जुड़ते पहलुओं पर एक नजर…

कांग्रेस नेतृत्व ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को दो सीटों से उम्मीदवार घोषित कर बड़ा दांव खेला है. उन्हें चमकौर साहिब (Chamkaur Sahib) के साथ-साथ बरनाला (Barnala) की भदौड़ (Bhadaur) सीट से उम्मीदवार बनाया है. भदौड़ में 2017 में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) ने जीत दर्ज की थी. यही नहीं पिछले चुनाव में बरनाला जिला आप (AAP) का गढ़ साबित हुआ था. जिले की तीनों विधानसभा सीटें आप ने जीती थीं.

पिछली बार बरनाला जीतकर चमकौर साहिब में भी चुनौती दी थी आप ने

बरनाला में तीन विधानसभा क्षेत्र हैं- बरनाला, महल कलां और भदौड़. आप ने 2017 के विधानसभा चुनाव में ये तीनों सीटों जीती थीं. बरनाला से आप के गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कांग्रेस के केवल सिंह ढिल्लों को 2,432 वोटों से हराया था. महल कलां पर आप के कुलवंत सिंह पंडोरी ने शिरोमणि अकाली दल के अजीत सिंह शांत को 27,064 वोटों के मार्जिन से हराया था. यहां कांग्रेस को करीब 20% वोट ही मिले. जबकि भदौड़ में आप के पीरमल सिंह धौला ने शिरोमणि अकाली दल के संत बलवीर सिंह घुनास को 20,784 वोटों से हराया था. यहां कांग्रेस 20% वोट भी हासिल नहीं कर पाई.

आप (AAP) ने 2017 में चमकौर साहिब (Chamkaur Sahib) में भी कांग्रेस (Congress) को तगड़ी चुनौती दी थी. कांग्रेस से चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) ही उस वक्त कांग्रेस के उम्मीदवार थे. उन्होंने आप के चरणजीत सिंह को 12,308 वोटों से हराया था. चन्नी को लगभग 42% वोट मिले थे. जबकि आप (AAP) के चरणजीत सिंह को 33.53% के करीब.

चन्नी की दो सीटों से दो मंतव्य- आप को चुनौती और सीएम कैंडिडेट

यहां गौर करने की बात है कि चमकौर साहिब (Chamkaur Sahib) से चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) ने 2007 का चुनाव निर्दलीय जीता था. फिर वे कांग्रेस (Congress) में आए और 2012 तथा 2017 का चुनाव कांग्रेसी उम्मीदवार के रूप में जीता. यानी यह सीट उनके लिए लगभग सुरक्षित कही जा सकती है. ऐसे में जानकारों के मुताबिक, चन्नी को आप के सबसे मजबूत इलाके की दूसरी सीट पर उतारने के पीछे कांग्रेस (Congress) के दो मंतव्य हो सकते हैं. पहला- आप को सीधी चुनौती देना. क्योंकि इस वक्त पंजाब में कांग्रेस को आप से ही सबसे तगड़ी चुनौती मिल रही है. आप (AAP) को सरकार बनाने का दावेदार भी कहा जा रहा है. दूसरा कारण- कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी (CM Candidate) से जुड़ा हुआ है. सूत्रों के हवाले से आ रही खबरों की मानें तो कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) को मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी बनाने का निर्णय लगभग कर लिया है. इसकी एक-दो दिन में घोषणा हो सकती है. उन्हें दूसरी सीट से प्रत्याशी बनाने का फैसला भी पार्टी कार्यकर्ताओं को यही संकेत देने के लिए किया गया है.