PoK पर केंद्रीय मंत्री ने दिया बड़ा बयान, 2024 तक उम्मीद जताई

केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल ने कहा है कि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) संभवत 2024 तक भारत में वापस आ जाएगा। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण शहर में एक कार्यक्रम में कपिल पालिट ने यह बड़ा दावा किया और देश के लिए कई ‘साहसिक’ निर्णय लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व की सराहना की। कपिल पाटिल मौजूदी मोदी सरकार में पंचायती राज राज्य मंत्री हैं। बकौल कपिल पाटिल, केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ही देश के लिए कुछ चीजें हासिल कर सकते हैं। पीएम मोदी को इस देश का नेतृत्व करना जारी रखना चाहिए क्योंकि उन्होंने सीएए जैसे साहसिक फैसले लिए हैं, धारा 370 और 35 ए को निरस्त किया है। मुझे लगता है, संभवत पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) 2024 तक भारत वापस आ जाएगा।

शनिवार रात महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण शहर में एक कार्यक्रम में पंचायती राज राज्य मंत्री कपिल पाटिल ने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी, प्याज और आलू की कीमतों को कम करने के लिए प्रधानमंत्री नहीं बने हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग कीमतों में वृद्धि के बारे में शिकायत करते हैं, वो पिज्जा और मटन खाने वाले हैं। पाटिल ने कहा कि लोग 700 रुपये का मटन और 500-600 रुपये में पिज्जा खरीद सकते हैं, लेकिन 10 रुपये में प्याज और 40 रुपये में टमाटर खरीदना इनके लिए महंगा है।