UP Chunav 2022: '20 लाख दो तो टिकट पक्की', ऑडियो वायरल होने के बाद RLD नेता पर गिरी गाज, जयंत चौधरी ने लिया यह एक्शन

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh Chunav 2022) में होने वाले विधानसभा चुनाव (UP Assembly Elections 2022) से पहले आरएलडी नेता (RLD Leader Audio Viral) का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर इतना वायरल हुआ कि उसे अब अपने पद से हाथ धोना पड़ गया. ताजनागरी में एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हुआ था, जिसमें राष्ट्रीय लोकदल की जिलाध्यक्ष कुसुम चाहर टिकट के लिए 20 लाख रुपये मांग कर रही थी. हालांकि News18 इस ऑडियो की पुष्टी नहीं करता है. ऑडियो वायरल होने के बाद रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कुसुम चाहर को जिलाध्यक्ष पद से हटा दिया है. उनके स्थान पर नरेंद्र बघेल को कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किया है.

मामले की कराई जाएगी जांच

रालोद के ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष जगपाल सिंह ने बताया कि पूर्व विधायक कालीचरण सुमन ने जिलाध्यक्ष कुसुम चाहर पर टिकट के लिए 20 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया था. इस सौदेबाजी की बातचीत का ऑडियो भी वायरल किया था. इस प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश पर जिलाध्यक्ष कुसुम चाहर को हटा दिया है. मामले की जांच भी कराई जा रही है. उनके स्थान पर नरेंद्र बघेल को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है.

यह था पूरा मामला

पूर्व विधायक कालीचरण सुमन ने लनेदेन की बातचीत का 34:26 मिनट का ऑडियो जारी किया था. News 18 इस ऑडियो की पुष्टी नही करता है. पूर्व विधायक कालीचरण सुमन का आरोप था कि जिलाध्यक्ष कुसुम चाहर के आवास पर नौ जनवरी को प्रधानजी, ब्लॉक प्रमुख के साथ बैठक हुई और टिकट के लिए 20 लाख रुपये मांगे गए. इसमें जिलाध्यक्ष की ओर से यह भी कहा कि अब यह पार्टी चरण सिंह की नहीं रही, प्लान बदल गया है.

फर्जी तरीके से आवाज की गई है तैयार

वहीं कुसुम चाहर का कहना है कि उन्होंने पूर्व विधायक कालीचरण सुमन से किसी तरह की पैसे की बात नहीं करी है. फर्जी तरीके से मेरी आवाज को तैयार किया गया है और मुझे फसाने के लिए यह ऑडियो वायरल किया गया है.