Asim Waqar: सीएम योगी के बयान पर बोले असीम वकार- कोई भी मुसलमान रामचंद्र जी का विरोध नहीं करता
लखनऊ. यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव (UP Chunav 2022) को लेकर देश की सबसे बड़ी बहस एजेंडा उत्तर प्रेदश (Agenda Uttar Pradesh) में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) द्वारा उठाए गए सवालों पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रवक्ता असीम वकार ने पलटवार किया है. News18 के साथ खास बातचीत में उन्होंने कहा कि बीजेपी ध्रुवीकरण की राजनीति करती है. हिन्दू-मुसलमान और असदुद्दीन ओवैसी के बिना उनका काम ही नहीं चल सकता.
‘राम के साथ ही रहीम भी हैं राम के बिना रहीम नहीं हो सकता. जो लोग राम का विरोध करते हैं वह तालिबानीकरण के समर्थक हैं.’ एजेंडा उत्तर प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ की कही इस बात पर जब एआईएमआईएम प्रवक्ता असीम वकार से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा, ‘यह बिल्कुल सत्य है कि राम के बिना रहीम नहीं है. दोनों साथ ही हैं. यह भी सच है कि जिस ईश्वर-अल्लाह को सब पूजते हैं, उसी ईश्वर-अल्लाह ने शैतान भी बनाया है. जहां रहीम होगा, वहां शैतान भी रहता है और शैतान का काम होता है लोगों को भटकाना.’
वकार ने कहा, ‘रामचंद्र जी का कोई भी मुसलमान विरोध नहीं करता. या यूं कह लीजिए कि राम का विरोध दुनिया में कोई नहीं करता है. यह सिर्फ भारत की बात नहीं है. बात हो रही है कि राम के नाम पर उकसा कर जो लोगों के हाथों में तलवार थमा रहे हैं. उनका विरोध हो रहा है और होता रहेगा. योगी आदित्यनाथ जी का कल बयान मैंने सुना था. उन्होंने चुनाव में ध्रुवीकरण करने के लिए हिंदुओं को यह मैसेज दिया कि मुसलमान रामचंद्र जी का विरोध करते हैं. हम रामचंद्र जी का विरोध नहीं करते हैं. हम उन लोगों का विरोध करते हैं जो राम के नाम पर आपके बच्चों के हाथ पर तलवार थमा देते हैं.’
वहीं बहुत जल्द हैदराबाद का नाम बदलकर भाग्यनगर करने के दावे पर असीम वकार ने कहा, ‘पता नहीं कब बाबा मरेंगे और बैल बटेगा. इंतजार करने दीजिए बहुत से लोगों का बहुत सपने हैं. मैं समझता हूं कि भारत और उत्तर प्रदेश के लोगों ने ठान लिया है कि नाम बदलने वाले लोगों को कुर्सी से हटाया जाए और जो रोजगार देने वाले लोग हैं उनको कुर्सी पर बैठाया जाएगा. ईश्वर-अल्लाह आपको कभी वह मौका नहीं देगा कि आप इसी का नाम बदल पाए. योगी जी आप भूल जाइए.’
एआईएमआईएम प्रवक्ता ने कहा, ‘योगी आदित्यनाथ को ओवैसी साहब से सीखना चाहिए अगर कुछ ओवैसी साहब से सीखे होते तो उनकी भाषा सही होती. योगी आदित्यनाथ ने कल आप ही के प्रोग्राम में एक बात कही कि फलाना के घर जलेगा तो फलाना का घर कैसे बचेगा तो इस तरीके से क्या कोई मुख्यमंत्री कहता है. आपको अपने गिरेबान में झांकना चाहिए. ओवैसी ने कभी किसी के घर जलाने की बात नहीं कही.
वहीं 80 बनाम 20 फीसदी के चुनाव वाले योगी आदित्यनाथ के बयान पर असीम वकार ने कहा, ’80 फीसदी लोग उत्तर प्रदेश में बहुत परेशान हैं. 20 परसेंट क्या मुझे लगता है केवल 8% लोगों की ही इस प्रदेश में हुकूमत है. एक जाति विशेष विशेष के लोग ठाकुर बिरादरी के लोग हुकूमत पर काबिज हो गए हैं. सारे थानों में है, सत्ता में हैं. ब्राह्मणों पर जुल्म हुआ 500 ब्राह्मणों की तकरीबन हत्या हुई है. यह जनता नहीं भूल सकती. 80 फीसद जनता ने ठान लिया है कि आपकी सरकार के उखाड़ फेंकेंगे.’
वहीं 10 मार्च को यूपी विधानसभा चुनाव के नतीजों के ऐलान के साथ ही योगी आदित्यनाथ के पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के दावे पर असीम वकार ने कहा कि 10 मार्च को जब नतीजे आएंगे तब बीजेपी सत्ता से बाहर होगी और एआईएमआईएम के सपोर्ट से सरकार बनेगी.