UP Chunav: 5 साल बाद एक हुए अखिलेश और शिवपाल तो सैफई में मना जश्न, समर्थकों ने मनाई दीपावली
इटावा. इटावा के सैफई (Saifai) में पांच साल के लंबे अंतराल के बाद सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के पैतृक गांव सैफई में समाजवादी परिवार के एक होने का जश्न मनाया गया. लखनऊ में चाचा शिवपाल (Shivpal) की भतीजे अखिलेश (Akhilesh) की मुलाकात और गठबंधन की सूचना आते ही सैफई में दीपावली जैसा उत्सव मनाया गया. अखिलेश और शिवपाल के मिलन के बाद उनके गृह नगर सैफई में जश्न का माहौल है. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और लोग एक दूसरे को मिठाइयां खिलाकर बधाई दी. ऐसा प्रतीत होता है कि अखिलेश और शिवपाल के मिलन के बाद एक बार फिर से सैफई के लोग दीपावली मना रहे हैं. हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान नहीं किया गया है ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि एक सप्ताह के भीतर गठबंधन का ऐलान हो सकता है.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए चाचा-भतीजे में सुलह की खबर के बाद अब यूपी की राजनीति गरमा चुकी है. कुछ देर बाद अखिलेश यादव ने शिवपाल यादव के साथ अपनी तस्वीर ट्वीट कर इस बात की जानकारी भी दी. जानकारी मिलने पर सपा व प्रसपा के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई.
अखिलेश यादव ने ट्विटर पर चाचा शिवपाल सिंह यादव के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए जानकारी दी कि प्रगतिशील सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी से मुलाकात हुई और गठबंधन की बात तय हुई. क्षेत्रीय दलों को साथ लेने की नीति समाजवादी पार्टी को निरंतर मजबूत कर रही है और सपा व अन्य सहयोगियों को ऐतिहासिक जीत की ओर ले जा रही है. बता दें कि समाजवादी पार्टी में पड़ी फूट के बाद शिवपाल सिंह यादव ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का गठन कर लिया था.
भरोसेमंद सूत्रों ने बताया कि अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव की 45 मिनट की मुलाकात में सीटों पर भी फैसला हो गया है. बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव प्रगतिशील समाजवादी पार्टी को चुनाव में 5 से 7 सीट देने को तैयार हैं. इस मुद्दे पर अखिलेश और शिवपाल के बीच बंद कमरे में लंबी बातचीत चली है. सूत्रों ने बताया कि अखिलेश ने यह भी संकेत दिया है कि शिवपाल सिंह यादव के लोगों को और एडजस्ट किया जाएगा. बताया जा रहा है कि शिवपाल सिंह यादव के खेमे के लोग सपा के सिंबल पर भी लड़ सकते हैं. इस 45 मिनट की मुलाकात में दोनों लोगों के हाव-भाव प्रसन्नता वाले थे. इस मौके पर अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल सिंह यादव के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिए.