कर्नाटक: विधान परिषद चुनाव से पहले करीब आए भाजपा-जेडीएस, क्या यहां भी बढ़ी कांग्रेस की परेशानी?
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा (HD Devegowda) की सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरें नई सियासी राजनीति की ओर इशारा कर रही हैं. इस फोटो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़े आदर के साथ देवगौड़ा का हाथ पकड़े हुए हैं और उन्हें कुर्सी पर बैठा रहे हैं. इस फोटो को देखने के बाद अटकलें लगाई जाने लगी हैं कि कर्नाटक (Karnataka) में अगामी विधानसभा परिषद चुनावों (Legislative Council Elections) के लिए भाजपा और जेडीएस के बीच आपसी समझौता होने की पूरी उम्मीद है. इस बीच कर्नाटक भाजपा के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई (Basavaraj Bommai) ने इस गठबंधन को लेकर इशारा भी कर दिया है. दोनों ही पार्टियां साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर अभी से साथ आने को तैयार दिख रही हैं.
कर्नाटक विधान परिषद के 25 सीटों पर 10 नवंबर को चुनाव होने हैं. विधान परिषद के चुनाव से पहले जिस तरह से प्रधानमंत्री मोदी और एचडी देवगौड़ा की मुलाकात हुई है, उसने सियासी पारा चढ़ा दिया है. 10 दिसंबर को होने वाले चुनाव के लिए जेडी (एस) ने केवल छह उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि भाजपा और कांग्रेस ने 20 सीटों पर ही अपने उम्मीदवार उतारे हैं.
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात के तुरंत बाद, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने घोषणा की थी कि देवेगौड़ा के बेटे एचडी कुमारस्वामी और बीजेपी के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा परिषद चुनावों के लिए जेडीएस-बीजेपी गठबंधन की योजना तैयार करेंगे. कुमारस्वामी ने कहा कि चुनावों के लिए जेडीएस-बीजेपी गठजोड़ का फैसला जेडीएस के भविष्य के हितों को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा, खासकर 2023 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए.
बता दें कि कर्नाटक की 75 सदस्यीय विधान परिषद से 15 कांग्रेस सदस्यों, 6 बीजेपी सदस्यों और 4 जेडी (एस) के सेवानिवृत्त होने के कारण इन सीटों पर 10 दिसंबर को चुनाव होने हैं. अभी तक विधान परिषद में भाजपा के पास 32, कांग्रेस के पास 29 और जेडीएस के 12 सदस्य हैं. आगामी विधान परिषद चुनाव में बीजेपी जहां कांग्रेस से कुछ सीटें जीतना चाहती है वहीं कांग्रेस और जेडीएस कम से कम अपनी संख्या बनाए रखने की इच्छुक हैं.
कुमारस्वामी लेंगे अंतिम फैसला : देवगौड़ा
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद एचडी देवगौड़ा ने कहा कि विधान परिषद में दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन का विषय चर्चा में आया था और भाजपा को इस संबंध में अंतिम फैसला लेने की आवश्यकता है. इस पर एक प्रस्ताव लाने की आवश्यकता है. इस नए घटनाक्रम पर जेडी(एस) के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ही फैसला लेंगे. देवगौड़ा ने कहा कि यह भाजपा पर निर्भर करता है कि वह इस मुद्दे पर अपना क्या फैसला लेते हैं.