मोदी सरकार ने 3 फीसदी बढ़ाया महंगाई भत्ता
नई दिल्ली. मोदी सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को दिवाली से पहले बड़ी खुशखबरी देने का ऐलान किया है। कैबिनेट बैठक में महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ाने का ऐलान किया है। सरकार ने इस फैसले से 47 लाख केंद्रीय कर्मचारियों को फायदा होगा। इससे पहले सरकार ने 14 जुलाई को महंगाई भत्ता 17 प्रतिशत से बढ़ाकर 28 प्रतिशत करने का ऐलान किया था। यह बढ़ोत्तरी भी 1 जुलाई 2021 से लागू होगी। बता दें कि केंद्र सरकार ने साल 2020 में कोरोना महामारी के कारण केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते और महंगाई राहत लाभों को अस्थायी रूप से रोक दिया था।
28 सितंबर को हुई थी कैबिनेट बैठक
इससे पहले 28 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की गई थी। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और पीयूष गोयल ने विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन, नीतियों और सरकारी घोषणाओं के संबंध में प्रेजेंटेशन दिया था। जबकि इससे पहले 14 सितंबर को भी कैबिनेट बैठक हुई थी, जिसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दक्षता और समय प्रबंधन पर प्रेजेंटेशन दी थी।