UP Election 2022: प्रियंका गांधी के UP दौरे को लेकर सियासत तेज, स्वतंत्र देव सिंह बोले- फिर से पधारी पिकनिक मनाने
लखनऊ. यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2022) से पहले सभी राजनीतिक पार्टियां एक्टिव नजर आ रही हैं. इसी कड़ी में गुरुवार को कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा अपने तीन दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंची (Priyanka Gandhi) हैं. लेकिन इस बीच बीजेपी और कांग्रेस के बीच ट्विटर वॉर शुरू हो गया है. जिसके चलते आज एक बार फिर मिशन-2022 को लेकर प्रियंका गांधी के यूपी पहुंचने पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह (Swatantra Dev Singh) ने ट्वीट कर कटाक्ष किया, तो उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने भी उसके जवाब में स्वतंत्र देव सिंह की एक फोटो ट्वीट कर उन पर जमकर निशाना साधा है.
इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा कि ‘प्रियंका वाड्रा जी आज फिर से पिकनिक मनाने के लिए लखनऊ पधार रही है. ‘ जिसके बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के ट्वीट पर पलटवार करते हुए उन्हें टैग कर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की एक फोटो ट्वीट की. जिसमें प्रियंका गांधी के लखनऊ आने के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ भागते हुए नजर आ रहे है.
चुनाव को लेकर रणनीति बनाएंगी प्रियंका गांधी
इसके बाद 10 सितंबर को कांग्रेस मुख्यालय पर सुबह 10 बजे सबसे पहले यूपी कांग्रेस की एडवाइजरी एंड स्ट्रेटजी कमेटी के साथ बैठक करेंगी. फिर प्रदेश इलेक्शन कमेटी के साथ बैठक के बाद प्रियंका जोनवार बैठक करेंगी. प्रियंका गांधी 10 और 11 सितंबर को विधानसभा चुनावों को लेकर उत्तर प्रदेश के सियासी और जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अपने उम्मीदवारों का चयन और उनके नामों की घोषणा के साथ प्रमुख चुनावी मुद्दों को लेकर अहम रणनीति भी बनाएंगी.
हर गांव कांग्रेस अभियान की समीक्षा
बताया जा रहा है कि लखनऊ में होने वाली बैठक में प्रियंका गांधी विशेष तौर पर हर गांव कांग्रेस अभियान की समीक्षा करेंगी. इसके चलते हर जोन से जुड़े पदाधिकारियों को जोन पर किए गए कार्यों की लिखित जानकारी के साथ पहुंचने का निर्देश दिया गया है. इस दौरान प्रियंका गांधी हर जोन में गठित कांग्रेस की ब्लॉक और न्याय पंचायत समितित के साथ ग्राम सभा अध्यक्षों के गठन की विस्तृत समीक्षा करेंगी.