Punjab Elections: पंजाब में सीएम उम्मीदवार बनने की पुरजोर कोशिश कर रहे भगवंत मान, AAP दिखा रही हिचकिचाहट

चंडीगढ़. आम आदमी पार्टी (आप) के केंद्रीय नेतृत्व और पार्टी की पंजाब इकाई के प्रमुख व सांसद भगवंत मान (Bhagwant Mann) के बीच तकरार बढ़ रही है. आप अब तक 2022 के पंजाब विधानसभा चुनावों (Punjab Elections 2022) के लिए मान को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में नामित करने से बचती आ रही है. दूसरी ओर मान बार-बार इस बात पर जोर दे रहे हैं कि पार्टी के नेता चाहते हैं कि उन्हें जल्द से जल्द सीएम उम्मीदवार के रूप में नामित किया जाए.

संगरूर से दो बार सांसद भगवंत मान पिछले एक हफ्ते से रोजाना अपने घर पर समर्थकों से मिल रहे हैं और संकेत दे रहे हैं कि वह पार्टी के कार्यकर्ताओं की पसंद हैं और अगर आप को चुनाव जीतना है तो उन्‍हें सीएम उम्मीदवार के रूप में नामित किया जाना चाहिए. आप के कुछ विधायक भी मान की उम्मीदवारी के खुले समर्थन में उतरे हैं, जिससे पार्टी के भीतर दरार का संकेत मिलता है.

मान ने खुद को सीएम उम्मीदवार के लिए नामित नहीं किए जाने पर नाराजगी का संकेत दिया है. जब वह पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में गुरदासपुर जिले में वरिष्ठ अकाली नेता सेवा सिंह सेखवां के शामिल होने के समारोह में हुए थे तो उन्‍होंने लो प्रोफाइल बनाए रखा था.