कई देशों के विदेश मंत्रियों से मिलीं सुषमा स्वराज, इन मुद्दों पर हुई बातचीत

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने संयुक्त राष्ट्र में कई देशों के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैंठकें कीं और कारोबार, निवेश तथा क्षमता निर्माण समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. स्वराज ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 73वें सत्र से इतर कोलंबिया के विदेश मंत्री कार्लोस होम्स ट्रूजिलो, स्पेन के विदेश मंत्री जोसेफ बोरेल, नेपाल के विदेश मंत्री प्रदीप कुमार ज्ञवाली, मोरक्को के नासीर बोरिता, यूरोपीय संघ में विदेश मामलों के उच्च प्रतिनिधि फेडेरिया मोघेरिनी, लिकटेंस्टाइन के विदेश मंत्री ऑरेलिया फ्रिक से मुलाकात की. संयुक्त राष्ट्र महासभा का 73वां सत्र सोमवार को शुरू हुआ है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया कि स्वराज ने ट्रूजिलो से मुलाकात की और व्यापार एवं निवेश, फार्मा, खनन, पेट्रोलियम और क्षमता निर्माण पर सहयोग पर चर्चा की. एक अन्य ट्वीट में उन्होंने बताया कि स्वराज और बोरेल ने निवेश, नवीनीकरण ऊर्जा, जल शोधन, पर्यटन और हमारी प्रमुख पहलों में उनका योगदान जैसे मामलों में रिश्तों को गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की.