मुख्‍य सचिव मारपीट मामला : सीएम अरविंद केजरीवाल सहित 11 लोगों को समन जारी

दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस की ओर से दिल्‍ली की पटियाला हाउस कोर्ट में दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने सभी आरोपियों को समन जारी किया है. सभी आरोपियों केा इस मामले में 25 अक्‍टूबर को कोर्ट में पेश होने को कहा गया है.

दिल्‍ली पुलिस ने मुख्‍य सचिव अंशु प्रकाश के साथ मारपीट के मामले में आईपीसी की धारा 120b/186/332/353/342/323/506(2) के साथ 149 & 34, 109/114 धाराओं में चार्जशीट फाइल की. इस मामले में अमानतुल्लाह खान, प्रकाश जरवार, अरविन्द केजरीवाल, मनीष शिशोदिया, राजेश ऋषि, नितिन त्यागी, प्रवीण कुमार, अजय दूत, संजीव झा, ऋतू राज, राजेश गुप्ता, मदन लाल, दिनेश मोहनिया को आरोपी बनाया गया है.

सूत्रों के मुताबिक, 19 फरवरी की रात मुख्यमंत्री आवास पर मुख्य सचिव के साथ हुई कथित मारपीट के मामले में पुलिस कई लोगों के बयान और सबूतों के आधार पर चार्जशीट तैयार की है. बता दें कि यह घटना 19 फरवरी 2018 की है, जब केजरीवाल के आवास पर राशन कार्ड व अन्य मुद्दों पर बैठक के दौरान मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ कथित रूप से हाथापाई की गई. अंशु प्रकाश का आरोप है कि इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया वहां मौजूद थे और वह तमाशा देखते रहे. इस घटना के बाद दिल्ली के आईएएएस अधिकारियों ने केजरीवाल सरकार और मंत्रियों से मिलना बंद कर दिया था. अधिकारियों के इस रुख को लेकर सीएम केजरीवाल ने अपने तीन मंत्रियों के साथ एलजी ऑफिस पर धरना दिया था.