मुनव्वर राणा के बयान पर भड़के अयोध्या के संत, पाकिस्तान जाने की दी सलाह
अयोध्या. मशहूर शायर मुनव्वर राणा (Munawwar Rana) के उस बयान पर बवाल मचा हुआ है जिसमें उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में अगर दोबारा योगी सरकार (Yogi Government) आती है तो वह प्रदेश छोड़ देंगे. मुनव्वर राणा के इस बयान पर अयोध्या के संतों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. संत समाज ने कहा कि मुनव्वर राणा को चुनाव का इंतजार नहीं करना चाहिए. उससे पहले ही उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए, क्योंकि प्रदेश में राष्ट्रवादी योगी की ही सरकार आएगी. साथ ही संत समाज ने कहा कि मुनव्वर राणा लगातार देश विरोधी ताकतों के साथ काम करते हैं. अब इनको डर है कि योगी की सरकार में इनके तार न खुल जाएं और इनके ऊपर कारवाई न हो जाए. संत समाज ने मुनव्वर राणा को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वह इस तरीके के बयान देते रहेंगे तो संत समाज ब्रह्म दंड लेकर उन्हें देश की सरहद तक धकेल कर आएगा.
मशहूर शायर मुनव्वर राणा के बयान पर अयोध्या के राम मंदिर आंदोलन के मुख्य सूत्रधार रहे पूर्व बीजेपी सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. रामविलास दास वेदांती ने कहा कि प्रदेश की जनता ने योगी सरकार को चुना है और आगे भी योगी सरकार को ही चुनेगी. योगी सरकार के साथ यदि मुनव्वर राणा को रहना हो तो बेहतर है और नहीं तो फिर मुनव्वर राणा के लिए पाकिस्तान बेहतर होगा. रामविलास दास वेदांती मुनव्वर राणा पर हमलावर होते हुए बोले कि आतंकियों का साथ देने वाले लोग यदि उत्तर प्रदेश छोड़कर पाकिस्तान चले जाते हैं तो यह प्रदेश के लिए भी अच्छी बात होगी. उत्तर प्रदेश में राष्ट्रवादी योगी की सरकार बनेगी यह मुनव्वर राणा को पता होना चाहिए.
देश विरोधी ताकतों के साथ मुनव्वर राणा
तपस्वी जी की छावनी के महंत जगत गुरु परमहंस आचार्य ने कहा कि मुनव्वर राणा का एक बहुत बड़ा गैंग है और वे देश विरोधी नारे लगाते हैं. हमेशा देश विरोधी ताकतों का समर्थन करते रहते हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ परम राष्ट्र भक्त हैं और देश विरोधी नारा लगाने वाले लोगों को नहीं बख्शेंगे. मुनव्वर राणा को डर है कि दोबारा यदि योगी सरकार बन जाती है और जांच में वे दोषी पाए जाते हैं तो जाहिर सी बात है कि इनको उसकी सजा भुगतनी होगी. परमहंस दास ने कहा कि मुनव्वर राणा की हरकतें बहुत पहले से चली आ रही हैं. यह लोग देश के ऐसे गद्दार लोग हैं. इनको चाहे जितनी सुविधाएं और चाहे जो कुछ भी दे दिया जाए, ये लोग अंत में देश के गद्दार ही निकलेंगे. परमहंस दास ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस तरीके की हरकतें करते रहेंगे तो कहीं ऐसा न हो कि साधु संत ब्रह्म द्दंड लेकर इन्हें सरहद तक छोड़ कर आएं. प्रदेश में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने जा रही है मुनव्वर राणा को डंडा लेकर पाकिस्तान के बॉर्डर तक धकेल कर आएंगे.