WI vs AUS: ब्रावो से छूटा तो पैर से मारकर एलेन को थमाया, गजब कैच पर आउट हुए फिंच

नई दिल्‍ली. वेस्‍टइंडीज और ऑस्‍ट्रेलिया (West Indies vs Australia) के बीच खेले गए तीसरे टी20 मैच में कैरेबियाई टीम ने बाजी मार ली. वेस्टइंडीज ने 6 विकेट से तीसरा मैच जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 से बढ़त हासिल कर ली है. इस मुकाबले में कैरेबियाई टीम गेंदबाजी, बल्‍लेबाजी और फील्डिंग हर जगह ऑस्‍ट्रेलियाई टीम पर भारी पड़ी. जहां क्रिस गेल (Chris Gayle) ने बल्‍ले से कोहराम मचाया तो वहीं इससे पहले कैरेबियाई बल्‍लेबाजों ने ऑस्‍ट्रेलियाई कप्‍तान एरोन फिंच को आउट करके अपनी फील्डिंग का स्‍तर दिखा दिया.

दरअसल फिंच 12वें ओवर में हेडन वाल्‍श की पांचवीं गेंद पर डीप में रिबाउंड कैच आउट हो गए. फिंच ने वाल्‍श की गेंद पर बड़ा शॉट लगाना चाहा और बल्‍ले के निचले हिस्‍से से हवा में शॉट लगाया. लॉन्‍ग ऑन और डीप मिड विकेट पर दो फील्‍डर्स मौजूद थे. ड्वेन ब्रावो (Dwayne Bravo) के हाथ में गेंद आई, मगर हाथ से कैच फिसल गया.

उन्‍होंने तुरंत पैर से गेंद को हिट करके फैबियन एलेन को कैच थमा दिया और इसी के साथ फिंच की पारी 30 रन पर समाप्‍त हो गई. ब्रावो और एलेन का यह अद्भुत कैच अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. पहले बल्‍लेबाजी करते हुए ऑस्‍ट्रेलिया ने निर्धारित ओवर में 6 विकेट पर 141 रन बनाए. कैरेबियाई टीम ने 142 रन के लक्ष्‍य का पीछा 31 गेंद पहले 4 विकेट गंवाकर कर लिया. वेस्‍टइंडीज की तरफ से सबसे ज्‍यादा 38 गेंदों पर 67 रन बनाने वाले क्रिस गेल मैन ऑफ द मैच रहे. उनके अलावा कप्‍तान पूरन 32 रन पर नाबाद रहे. पूरन ने लगातार दो चौके जड़कर टीम को जीत दिलाई