भोपाल में खुला सिचुएशन रूम और कंट्रोल एंड कमांड सेंटर, ये आपदा से बचाने में करेंगे मदद
भोपाल. मध्य प्रदेश में आपदा (Disaster) के हालात से निपटने के लिए नई तैयारी की गई है. शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह (CM Shivraj)ने राज्य स्तरीय सिचुएशन रूम और होम गार्ड मुख्यालय पर स्थापित राज्य स्तरीय कंट्रोल एण्ड कमाण्ड सेंटर का लोकार्पण किया. ये दोनों सेंटर आपदा के वक़्त किसी भी हालात से निपटने के लिए काम करेंगे.
इन दोनों सेंटर्स में बाढ़, भूकंप, आग, दुर्घटना समेत सभी प्रकार की आपदाओं से निपटने की व्यवस्था है. इस मौके पर सीएम शिवराज ने कहा अब प्रदेश में आपदा प्रबंधन के लिए मजबूत नेटवर्क बन गया है. राज्य स्तरीय सिचुएशन रूम को राज्य स्तरीय और 52 जिलों के कन्ट्रोल एण्ड कमांड सेंटर्स से जोड़ा गया है.
लाइव दिखेगा रैस्क्यू
आपदा से बचाव का नया नेटवर्क बनने के बाद इसमें आधुनिक तकनीक के उपयोग से आपदा के दौरान न केवल त्वरित बचाव और राहत कार्य हो सकेंगे बल्कि रैस्क्यू ऑपरेशन की लाइव मॉनिटरिंग की जा सकेगी. इसके अलावा विभिन्न धर्मस्थलों एवं मेला स्थलों की लाइव फीड भी सिचुएशन रूम और राज्य स्तरीय कन्ट्रोल कमाण्ड सेंटर को उपलब्ध होगी. इनमें आपदा की स्थिति होने पर बेहतर प्रबंधन राज्य स्तर पर किया जा सकेगा.
लाइव फीड का उपयोग होगा
राज्य स्तरीय सिचुएशन रूम और राज्य स्तरीय कन्ट्रोल कमाण्ड सेंटर में 1000 एमबीपीएस लीज्ड लाइन के ज़रिए अलग अलग तरह के डाटाबेस जैसे बांधों का जलस्तर, बांधों के गेट खोलने की स्थिति, नदी गेज के जरिये नदियों का जल स्तर, मौसम विभाग का अपडेटेड डाटाबेस, डायल-100 और डायल-108 के एम्बुलेंस एवं वाहनों का रियल टाइम डाटाबेस, ट्रैफिक के 10,000 सी.सी.टी.वी. कैमरों की लाइव फीड, स्मार्ट सिटी के 500 कैमरों की लाइव फीड देखी जा सकेगी. कुल 16 विभागों के लाइव फीड का उपयोग आपदा प्रबंधन में करने की व्यवस्था रहेगी.
कब करेगा मदद?सिचुएशन रूम और कमाण्ड एवं कंट्रोल सेंटर्स का सरकार की विभिन्न गतिविधियों आपदा एवं आपातकालीन स्थिति में जिला स्तरीय कॉल सेंटर के रूप में, सी.एम. हेल्पलाइन की मॉनीटरिंग के लिए, लोक सेवा प्रदाय व्यवस्था में सुधार के लिए फीडबैक, सरकार द्वारा समय-समय पर चलाये जाने वाले अभियान/सर्वेक्षण/खरीदी/टीकाकरण/अन्य गतिविधियां, लोक सेवा प्रदाय व्यवस्था में सुधार के लिए फीडबैक और जिला प्रशासन की आवश्यकता अनुसार उपयोग भी किया जा सकेगा.