हिमाचल BJP में शामिल हुए प्रसिद्ध लोक गायक करनैल राणा, क्या फतेहपुर से लड़ेंगे चुनाव?
धर्मशाला. हिमाचल प्रदेश के मशहूर लोक गायक करनैल राणा (Folk Singer Karnail Rana) ने 'कमल' का दामन थामा है. उन्होंने भाजपा के रंग में रंगने का ऐलान कर दिया है. धर्मशाला के लोक सम्पर्क विभाग से लोक सम्पर्क अधिकारी के तौर पर सेवानिवृत्त हुए करनैल राणा ने मंगलवार को अधिकारिक तौर पर भाजपाई का दामन थामा.
इस दौरान कैबिनेट मंत्री राकेश पठानिया और पूर्व मंत्री भी मौजूद रहे. उनके भाजपा में शामिल होने के एकदम बाद कयासों का दौर शुरू हो गया और कहा गया कि क्या वह कांगड़ा की फतेहपुर विधानसभा (Fatehpur Assembly BY-Elections) का उपचुनाव लड़ेंगे? दरअसल, कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया के निधन के बाद से यह सीट खाली है और ऐसे में राकेश पठानिया के साथ करनैल राणा की तस्वीर बहुत कुछ बयान कर रही है. क्योंकि पठानिया फतेहपुर विधानसभा के चुनाव प्रभारी भाजपा की ओर से बनाए गए हैं.
हालांकि, करनैल राणा विधानसभा ज्वालामुखी से हैं, जहां से भाजपाई इतिहास में चिरकाल से सियासी ज्वालामुखी फूटते नज़र आते रहे हैं. वहीं, सियासी पंडितों की मानें तो यह उस स्पेशल मिशन का पहला पड़ाव है, जिसमें जो साल 2022 में पूरी स्पीड के साथ शुरू होगा. यानी वो टिकट बदलो अभियान, जिसमें अभी से यह शोर मच रहा है कि भाजपा भारी तादाद में उम्मीदवारों को बदलने का मन बना चुकी है.
धवाला हैं ज्वालामुखी से विधायक
ज्वालामुखी विधानसभा की ही बात करें तो साल 2017 में सरकार बनने के बाद से ही यहां के विधायक रमेश चंद धवाला सरकार और संगठन को तर्कों के तराजू पर हल्का-भारी करते आ रहे हैं. भाजपा के संगठन मंत्री पवन राणा के साथ इनका छत्तीस का आंकड़ा बना हुआ है. सरकार ने भी बेवफाई में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखी हुई है. जयराम सरकार में कैबिनेट रैंक के साथ योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष बनाए गए धवाला हालांकि, हाशिये पर हैं. पवन राणा और धवाला के बीच की जंग की खबरें हर दूसरे दिन सुर्खियां बनती हैं.
धवाला का मुकाबला लोक कलाकार से ?
ज्वालामुखी से करनैल राणा की एंट्री को सियासी माहिर बतौर "पॉलिटिकल कर्नल" की एंट्री मान रहे हैं, जो साल 2022 में ज्वालामुखी की भगवा बटालियन की कमान सम्भाल सकते हैं. कारण चाहे कुछ भी हों, पर यह साफ नजर आने शुरू हो गया है कि भाजपा 2022 के टिकट वितरण में भावी चेहरों पर खेल की व्यूहरचना करने शुरू हो गई है. पवन राणा के गृह क्षेत्र ज्वालामुखी में करनैल राणा की एंट्री यह साबित करती है कि जंग का आगाज़ हो चुका है और आगे जो होगा वो भी धमाकेदार ही होगा. बता दें कि करनैल राणा हिमाचल में अपने लोक गीतों के लिए काफी चर्चित हैं.