MP: BJP कार्यसमिति की बैठक में दी गई कार्यकर्ताओं को दिखावा न करने की नसीहत

भोपाल. बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति (BJP State Working Committee) की आज भोपाल में हुई बैठक खत्म हो गयी. इसमें तमाम मुद्दों पर चर्चा के बाद दो प्रस्ताव भी पास किये गए. इनमें एक राजनैतिक और दूसरा कोरोना काल के हालात पर था. समापन सत्र में पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि लोगों का भरोसा जीतने के लिए काम करें. दिखावा बंद करें.

बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पास राजनीतिक प्रस्ताव में कोरोना रोकने की नाकामी का ठीकरा तत्कालीन कमल नाथ सरकार पर फोड़ा गया. इसके साथ ही जनता के हित की योजनाओं को बंद करने का आरोप भी लगाया गया.

राजनैतिक प्रस्ताव की अहम बातें

-कांग्रेस नेताओं पर एमपी को टूल किट की प्रयोगशाला बनाने का आरोप. पूर्व सीएम कमल नाथ और दिग्विजय पर साजिश का आरोप

-कोरोना के इंडियन वैरियेंट और भारत महान नहीं बदनाम जैसे बयानो से दहशत फैलाने के आरोप.

-क्लब हाउस चैट में दिग्विजय सिंह के बयान की निंदा

कांग्रेस की 15 महीने की सरकार में वादाखिलाफी, अपहरण उद्योग, तबादला उद्योग, किसानों के साथ धोखे, प्रशासनिक अराजकता, संगठित और अवैध आर्थिक वसूली की सरकार बताया गया.

-संबल योजना, पंच परमेश्वर योजना, मेधावी छात्रों को लैपटॉप, कन्यादान, फसल बीमा, आदिवासियों को एक हज़ार रुपये जैसी योजनाएं बंद करने के आरोप

-सामान्य वर्ग को 10% आरक्षण को रोक कर रखने के आरोप

*सरकार की उपलब्धियों का जिक्र*
-सरकार ने धार्मिक स्वतंत्रता कानून 2020 लागू किया

-अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ करने का श्रेय. धारा 370, 35-ए हटाने को उपलब्धि बताया गया

-कृषि सुधार कानून को लेकर पीएम और कृषि मंत्री को धन्यवाद

कोविड 19 पर प्रस्ताव

कोरोना के दौरान किये गए सरकार और संगठन के सेवा कार्यों को लेकर भी प्रस्ताव पास किया गया. एमपी में कोरोना की रोकथाम रोकने के लिए शिवराज सरकार ने कदम उठाये. संगठन कार्यकर्ताओं ने जान पर खेलकर सेवा की. सरकार ने ऑक्सीजन के लिए हर स्तर पर प्रयास किये. दो मेड इन इंडिया वैक्सीन बनाई गई. सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया गया.

शिवप्रकाश की नसीहत

कार्यसमिति के समापन सत्र में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को नसीहत दी. उन्होंने कहा कि देश का बड़ा वर्ग हमें अच्छा तो मानता है अपना नहीं मानता. समाज में हमें सभी अपना मानें और विश्वास करे इसके लिए हमें काम करना है. सेवा के लिए सेवा करें, दिखावे के कार्यक्रम न करें. उन्होंने अल्पसंख्यकों को लेकर इशारों में यह भी कहा कि देश का बड़ा वर्ग हमें अपना नहीं मानता.

वीडी शर्मा ने दी सफाई

शिवप्रकाश की नसीहत के सवाल पर प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने सफाई दी. उन्होंने कहा कांग्रेस एक समुदाय में जिंदगी भर फूट डाल कर राज करने की नीति पर जीवित रही. ऐसे लोगों का विश्वास भी जीतना चाहिए। इसलिए प्रधानमंत्री जी ने नारा दिया सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास. समाज के सभी वर्ग का विश्वास जीतने के लिए भाजपा का प्रयास जारी है. शर्मा ने कहा प्रदेश में कई चुनोतियां हैं. हम संगठन को मजबूत करेंगे.