Corona Vaccination Drive: भोपाल-पन्ना जिले फिसड्डी, खंडवा-छिंदवाड़ा में रिकॉर्ड तोड़ वैक्सीनेशन
भोपाल. मध्य प्रदेश में COVID-19 वैक्सीनेशन महाअभियान (Corona vaccination) में भोपाल और पन्ना फिसड्डी साबित हुए हैं. ये दोनों जिले अपने टारगेट को पूरा नहीं कर पाए. खंडवा और छिंदवाड़ा जिले में रिकॉर्ड तोड़ वैक्सीनेशन हुआ. यहां पर टारगेट से डबल वैक्सीन लगी. रात 10:00 बजे तक मिले आंकड़ों के अनुसार वैक्सीनेशन 16 लाख के पार पहुंच गया था.
भोपाल में एक दिन में डेढ़ लाख लोगों को वैक्सीन लगाने का टारगेट था, लेकिन रात 10 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक भोपाल अपने टारगेट को पूरा नहीं कर पाया. भोपाल में 1 लाख 42 हजार 555 लोगों को टीका लगाया गया. वहीं पन्ना में टारगेट 10 हजार था, लेकिन 9144 वैक्सीन लगीं. खंडवा और छिंदवाड़ा में रिकॉर्ड तोड़ वैक्सीनेशन हुआ. खंडवा में एक दिन में 15000 वैक्सीन का टारगेट था, लेकिन वहां पर 30692 लोगों को वैक्सीन लगायी गईं. इसी तरह छिंदवाड़ा में 18000 टीके का टारगेट था, लेकिन वहां 34143 वैक्सीन लगीं.
16 लाख वैक्सीनेशन पार
वैक्सीनेशन महाअभियान के तहत प्रदेश में 1 दिन में तय किए गए 10 लाख के टारगेट से ज्यादा वैक्सीनेशन हुआ. एक दिन में 16,41,042 डोज लगाए गए. यह आंकड़ा रात 10 बजे तक पोर्टल पर अपडेट हुआ है. यह आंकड़ा आगे अपडेट के बाद और बढ़ेगा.
देश का 20 फीसदी टीकाकरण
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश का 20 फीसदी टीकाकरण प्रदेश में हुआ. केंद्र से 5 लाख औऱ डोज मिलेंगे. हमसे पूरा मध्य प्रदेश जुड़ गया है. पीएम का आशीर्वाद हमारे साथ है. उनके प्रयास का परिणाम है. मैं स्वस्थ विभाग को धन्यवाद देता हूँ. मुझे गर्व है. यह अभियान खत्म नहीं हुआ, शुरू हुआ है.