पंजाब-राजस्थान सरकार पर अनुराग का हमला, बोले-एक ने वैक्सीन बेची, दूसरे ने कूड़ेदान में फेंकी

शिमला. केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने पंजाब और राजस्थान की कांग्रेस सरकारों पर जमकर हमला बोला है. अनुराग ने कहा कि पंजाब और राजस्थान में कांग्रेस (Congress) के कई नेता अपनी ही सरकारो से नाराज हैं, इन सरकारो की हालत बुरी है. उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की अंतर्कलह के कई कारण हैं.

अनुराग ने कहा कि कैप्टन न तो विधायकों और मंत्रियों से मिलते हैं और न ही जनता से मिलते है. अनुराग ने कहा कि कोविड काल में भी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप है. पंजाब (Punjab) ने पीएम केयर से आए वेंटिलेटर इस्तेमाल ही नहीं किए, उन्हें मिट्टी खान के लिए फेंक दिया और कोरोना वैक्सीन प्राइवेट अस्पतालों को बेच दी. साथ ही कहा कि राजस्थान सरकार ने पीएम केयर से मुफ्त में आए वेंटिलेटर प्राइवेट अस्पतालों को दे दिए और वैक्सीन को कूड़ेदान में फेंक दिया.
धारा 370 पर विश्वासघात है-अनुराग

धारा 370 को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान पर बवाल मचा हुआ है. इस पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है. शिमला में अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस एक बात को समझ ले कि अनुच्छेद 370 और 35 ए को सदा के लिए दफन कर दिया गया है, इसके जाने के बाद आतंकवादी घटनाएं कम हुई है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता अगर पाकिस्तान को ऐसा संदेश दे रहे हैंतो ये हिंदूस्तान के साथ विश्वासघात है. साथ ही कहा कि मोदी सरकार जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के लिए प्रतिवद्ध है.