ग्वालियर में वैक्सीन लगवाने युवा सुबह 7 बजे से ही सेंटर पहुंचे, पहला टीका 30 साल की रितु को लगा

 बुधवार को 18 से 44 साल के युवाओं के लिए वैक्सीनेशन शुरू हुआ इसमें शहर के दहशत भरे माहौल के बीच वैक्सीन को लेकर युवाओं में काफी उत्साह दिखा। वैक्सीनेशन 9.30 बजे शुरू होना था लेकिन युवा सुबह 7 बजे से ही जेएएच स्थित वैक्सीनेशन सेंटर पर पहुंच गए थे। गर्म मौसम और तेज धूम में सेंटर के बाहर लाइन लगाकर खड़े नजर आए। ग्वालियर में 18 से अधिक उम्र वालों में सबसे पहली वैक्सीन थाटीपुर के मयूर माकेट निवासी 30 वर्षीय रितु अग्रवाल को लगी है। वैक्सीनेशन के बाद रितु ने बताया कि वह वैक्सीन लगावाने के बाद काफी खुश है और इस महामारी का यह सबसे सटीक इलाज है। अपने जैसे अन्य युवाओं को उनको यहीं संदेश है कि जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराएं और वैक्सीन जरूर लगवाएं।


आपको बता दें कि इस समय ग्वालियर में कोरोना संक्रमण को लेकर बुरा हाल है। हर दिन से 1100 से 1200 नए संक्रमित मिल रहे है जबकि 40 से 50 लोगों की हर दिन मौत हो रही है। लोग ऑक्सीजन और रेमडेसिविर की कमी से भी जान गंवा रहे है इसलिए बुधवार 5 मई से 18 से अधिक उम्र वालों के लिए वैक्सीन के दरवाजे खोले गए। बुधवार को वैसे तो जिले में 79 सेंटर बनाए गए थे लेकिन 18 से अधिक उम्र वालों के लिए जेएएच ही एक मात्र सेंटर था। यहां सुबह 7 बजे से ही युवाओं की लम्बी लाइन देखने को मिली। मौसम गर्म होने के कारण सुबह से ही तेज धूप थी। जेएएच प्रबंधन ने धूप से लोगों को बचाने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए थे। सुबह से ही युवा और बुजुर्ग अलग-अलग लाइन से धूप में खड़े नजर आए।