34 घंटे का सफर कर पुणे से ग्वालियर आए काेराेना वैक्सीन के 1 लाख 9500 डोज

आखिरकार मकर संक्रांति के पावन पर्व पर उम्मीद का टीका ग्वालियर पहुंच गया। ग्वालियर में काेराेना का पहला केस (24 मार्च) मिलने के 296 दिन बाद ग्वालियर काे काेविशील्ड टीके के 1 लाख 9500 डाेज मिले। पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से मंगलवार रात 11 बजे कूलेक्स चेन की वैन से 10 बाॅक्स में रखकर रवाना किए गए ये डाेज करीब 34 घंटे 4 मिनट के सफर के बाद गुरुवार दाेपहर 1.04 बजे शहर के सिटी सेंटर स्थित स्वास्थ्य प्रबंधन संस्थान में पहुंचे। तिरंगे से सजी वैन काे देखकर यहां माैजूद अफसर और स्वास्थ्यकर्मियों की आंखें खुशी से चमक उठीं।
यहां से सभी बाॅक्स क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं के स्टोर में लाए गए। यहां क्षेत्रीय संचालक डॉ. एके दीक्षित और स्टोर प्रभारी अभय कुलश्रेष्ठ ने वैन का पूजन कर फूल अर्पित किए। दोपहर 1:24 बजे वैन को वैक्सीन स्टोर में ले जाया गया। इनमें से 94 हजार 140 डाेज ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के 13 जिलाें में भेजे गए हैं। अलग-अलग जिलाें काे वैक्सीन भेजने का यह काम शाम 6.08 बजे तक चला। आखिर में 15 हजार 360 डोज ग्वालियर काे दिए गए।
हर सेंटर पर 100 लोगाें का वैक्सीनेशन, सप्ताह में चार दिन
शहर में चार सेंटर बनाए गए हैं। इनपर 16 जनवरी काे 100-100 स्वास्थकर्मियों काे ये डाेज लगाए जाएंगे। यह सप्ताह में चार दिन (सोमवार, बुधवार, गुरुवार एवं शनिवार) टीके लगाए जाएंगे। वायुसेना और आर्मी के अस्पताल में अलग वैक्सीनेशन होगा। इनके लिए 1180 डाेज दिए जाएंगे।
कड़ी सुरक्षा: तीन राज्यों की पुलिस की देखरेख में आई वैक्सीन
कूलेक्स कोल्ड चेन लिमिटेड की वैन 12 जनवरी को रात करीब 11 बजे पुणे से महाराष्ट्र पुलिस की सुरक्षा में ग्वालियर के लिए रवाना हुई थी। 59 वर्षीय सत्यनारायण वैन को चलाकर लाए।
महाराष्ट्र-मप्र के बॉर्डर पर कोल्ड चेन कंपनी के महाराष्ट्र के अधिकारियों ने इंदौर के ब्रांच मैनेजर सूबेदार सिंह, मैनेजर पंकज पुनिया और वाहन सुपरवाइजर कुंदन पांचाल को वैन सुपुर्द की। इसके बाद वैन झांसी के लिए रवाना हुई, जाे गुरुवार सुबह 6 बजे झांसी पहुंची। यहां वैक्सीन उतारने के बाद सुबह 8:30 बजे वैन ग्वालियर रवाना हुई। उप्र के बाद मप्र की पुलिस ने वैन की सुरक्षा की।
किस जिले को कितने वैक्सीन के डोज दिए
जिला डोज
अशोक नगर 4480
भिंड 7910
छतरपुर 10320
दमोह 7450
दतिया 5010
गुना 5530
ग्वालियर 15360
मुरैना 9920
पन्ना 6030
सागर 14220
श्योपुर 4450
शिवपुरी 10230
टीकमगढ़ 8010