सिद्धू मूसेवाला का नया गाना रिलीज, केवल 15 मिनट में 1 मिलियन व्यूज, पिता बोले- भरोसा था लोग अब भी करेंगे प्यार

चंडीगढ़. दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Mooesewala) का एक नया गाना रिलीज हुआ है. सिद्धू मूसेवाला की मौत के बाद ये उनका तीसरा गाना आज रिलीज हुआ. केवल 16 मिनट में ही सिद्धू मूसेवाला के नये गाने ‘मेरा नाम’ को 10 लाख लोगों ने देखा. उसके बाद सिद्धू मूसेवाला के पिता ने News18 से खास बातचीत की. सिद्धू मूसेवाला के नए गाने पर उनके पिता बलकौर सिंह ने कहा कि ‘हमें विश्वास था कि लोग अब भी उससे प्यार करेंगे. लोग चाहते थे कि वह स्क्रीन पर आए.’ बलकौर सिंह ने कहा कि ‘हम चाहेंगे सिद्धू हमेशा जिंदा रहे.’

इससे पहले सिद्धू मूसेवाला की मौत के बाद उनके दो गाने रिलीज हो चुके हैं. पहला गाना ‘एसवाईएल’ और दूसरा ‘वार’ था. इन नए गाने में सिद्धू की लाइफस्टाइल को बरकरार रखने की कोशिश की गई है. यह गाना सिद्धू मूसेवाला ने अपनी मौत से पहले ही लिखा था.

सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा कि ‘मेरा बेटा एक सुलझा हुआ राष्ट्रवादी था.’ उन्होंने कहा कि टैक्स देने वाले के बजाए जेब काटने वाले को बढ़ावा दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ‘जाने के बाद मेरे बच्चे को लोगों का और ज्यादा प्यार मिला है.’ गौरतलब है कि सिद्धू मूसेवाला की पिछले साल 29 मई को हत्या कर दी गई थी. जिसके बाद से उनके माता-पिता गायक-गीतकार को न्याय दिलाने के लिए एक अभियान चला रहे हैं. इस नए गीत के वीडियो में ‘जस्टिस फॉर सिद्धू मूसेवाला’ के साथ एक झंडा भी है. केंद्र सरकार के अनुरोध के बाद मूसेवाला की हत्या के बाद जारी किया गया पहला गाना ‘एसवाईएल’ भारत में YouTube पर प्रतिबंधित कर दिया गया. केंद्र के मुताबिक इसमें कथित रूप से सिख उग्रवादियों का महिमामंडन किया गया था. जबकि दूसरा गाना सिख योद्धा हरि सिंह नलवा पर था.