संभल में दर्दनाक हादसा, कोल्डस्टोरेज की छत ढही, अब तक 6 की मौत, 17 को बचाया गया
संभल. यूपी के संभल में कोल्ड स्टोरेज हादसे में अब तक कुल 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 17 लोगों को रेस्क्यू किया गया है. पांच घायलों का टीएमयू मुरादाबाद में इलाज चल रहा है, जबकि 6 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. गुरुवार शाम को हुए इस हादसे के बाद से ही NDRF और SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं. पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा. बताया जा रहा है कि अभी भी दो मजदूर मलबे में दबे हैं, जिन्हें निकालने का काम जारी है.
गौरतलब है कि चंदौसी में कोल्ड स्टोरेज का चैंबर ढहने से वहां काम कर रहे करीब 18 मजदूर मलबे में दब गए. शुक्रवार सुबह जिला प्रशासन ने बुलेटिन जारी किया, जिसके अनुसार रात डेढ़ बजे तक 6 मजदूरों के शव को निकाला गया था. 6 घायलों को को मुरादाबाद के टीएमयू से डिस्चार्ज कर दिया गया है और 5 का इलाज अभी जारी है. घटना के करीब अठारह घंटे बाद सुबह 6 बजे प्रशासन ने ये पहला बुलेटिन जारी किया. वहीं मृतकों में से एक की शिनाख्त नहीं हो सकी है.