गर्मी के साथ बढ़ी पानी की किल्लत, ग्रेटर नोएडा की कई सोसाइटी के लोग परेशान
नोएडा. यूपी के गौतमबुद्ध नगर जिले में कई सेक्टर ऐसे हैं, जहां एक हफ्ते से पानी नहीं आ रहा है. वहीं, गर्मी बढ़ने के साथ पानी की इस किल्लत ने और दिक्कत खड़ी कर दी है. लोगों ने ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी से जलापूर्ति को ठीक करने के लिए गुहार लगाई है. लोगों का कहना है कि एक हफ्ते से हम लोगों ठीक से नहाए तक नहीं हैं. पानी आता भी है तो काफी गंदी स्मेल या फिर कचड़ा युक्त पानी सप्लाई होता है. इतना ही नहीं अक्सर पानी पहले फ्लोर के ऊपर चढ़ता ही नहीं. पानी सप्लाई का प्रेशर काफी स्लो होता है.
ग्रेटर नोएडा के अल्फा 1, अल्फा 2, गामा 1, गामा 2 इत्यादि सेक्टरों में पानी बीते एक सप्ताह से नहीं आ रहा है. अगर आता भी है तो बहुत कम प्रेशर होता है. वहीं, अल्फा-1 निवासी सुमित्रा बताती हैं कि मंगलवार को पानी आया था, लेकिन प्रेशर बहुत कम था, जिस कारण टंकी खाली ही रह गई. बीटा-2 निवासी सुनील बताते हैं कि हमारे सेक्टर में 90 प्रतिशत तक लोग रहने शुरू हो चुके हैं, लेकिन अभी तक गंगाजल की सुविधा नहीं मिल रही है.
आदित्य भाटी सेक्टर पी-3 के आरडब्लूए अध्यक्ष हैं. वो बताते हैं कि हमारे सोसाइटी में 500 परिवार और कुल 2000 के आसपास लोग रह रहे हैं, लेकिन यहां गंगाजल की सुविधा नहीं है. हम आज भी टैंकर के भरोसे रहते हैं. आदित्य भाटी बताते हैं कि आज भी पानी की समस्या बनी हुई है. कई बार पानी आने का टाइम ही नहीं होता. कभी भी चला जाता है, सुबह और शाम सात घंटे पानी आना चाहिए, लेकिन दो घंटे भी नहीं आता. वहीं, इस समस्या पर बात करने के लिए ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के अधिकारी चेतराम सिंह को फोन किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया.