हाफिज सईद का बहनोई, खूंखार आतंकियों का आका...कौन है अब्दुल रहमान मक्की, जिसे UN ने माना ग्लोबल टेररिस्ट

नई दिल्ली. आतंकवाद पर लगाम लगाने की भारत की कोशिश रंग लाई है. भारत की कोशिशों की वजह से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) के चीफ हाफिज सईद (Hafiz Saeed) के बहनोई अब्दुल रहमान मक्की (Abdul Rehman Makki) को वैश्विक आतंकी (Global Terrorist) घोषित कर दिया है. लेकिन यह इतना आसान नहीं था, क्योंकि चीन (China) ने जून 2022 से पाकिस्तानी आतंकवादी मक्की को ग्लोबल टेररिस्ट लिस्ट में शामिल करने पर अड़ंगा लगा रखा था. लेकिन अब चीन ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं.

लेकिन क्या आप जानते हैं कि अब्दुल रहमान मक्की कौन है और कितना खूंखार है. नहीं, तो आइए हम बताते हैं आपको. 75 साल के मक्की को लश्कर-ए-तैयबा में बड़ा पद हासिल था. इसके साथ ही वह कई आतंकवादी गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाता आ रहा है. बता दें कि भारत (India) और अमेरिका (America) दोनों देशों ने इसे आतंकवादी घोषित कर रखा है. वह जम्मू-कश्मीर में कई आतंकी हमलों में शामिल रहा है.
26/11 मुंबई हमलों को दे चुका है अंजाम
CNBC की एक रिपोर्ट के अनुसार मक्की ने इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) और पाकिस्तान की मदद से 26/11 के मुंबई हमलों की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया. इसके साथ ही वह आतंकवादी हमलों के लिए लश्कर के लिए फंड भी जुटाता है. इसके साथ ही मक्की मक्की धन जुटाने, भर्ती करने और युवाओं को हिंसा के लिए कट्टरपंथी बनाने और भारत में, विशेष रूप से जम्मू और कश्मीर में हमलों की योजना बनाने में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाता आ रहा है.
हालांकि पाकिस्तान में भी आतंकवाद निरोधक कानून के तहत कोर्ट ने मक्की को दोषी ठहराया था. उसे जेल की सजा भी सुनाई गई थी. लेकिन सरकार उस पर ठोस कार्रवाई करने से अब तक बचती रही. लेकिन अब पाकिस्तान सरकार पर उस पर कड़ी कार्रवाई करनी होगी. माना जा रहा है. मक्की को ग्लोबल टेररिस्ट की लिस्ट में UN द्वारा शामिल करने के बाद अब पाकिस्तान पर भी दबाव होगा. इसे पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.