कोहरे की वजह से सड़क से आसमान तक आफत- दर्जनों ट्रेनें और फ्लाइट्स हुईं लेट, दिल्ली में हवा भी हुई जहरीली
नई दिल्ली: कोहरे (Foggy Weather) की मार सड़क से लेकर आसमान और ट्रेनों (Trains) पर खूब पड़ रही है. कोहरे के चलते और मौसम खराब की वजह से नॉर्दन रेलवे (Indian Railways) के तहत चलने वाली 3 दर्जन ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई-कई घंटे लेट चल रही हैं. खासकर दिल्ली, नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और आनंद विहार पहुंचने वाली ट्रेनों के आज मंगलवार को अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से पहुंचने की संभावना है. इन ट्रेनों के लेट पहुंचने के चलते यात्रियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
नॉर्दन रेलवे के मुताबिक, आज मंगलवार को खासकर बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, चेन्नई, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र आदि राज्यों के अलग-अलग शहरों से आने जाने वाली ट्रेनें काफी विलंब से चल रही हैं. मौसम खराब होने और अत्यधिक घना कोहरा होने और विजिबिलिटी लेवल बेहद कम होने के चलते ट्रेनों की गति बहुत धीमी बनी हुई है. इसके चलते ट्रेनों का निर्धारित समय पर गंतव्य स्थान पर पहुंचने में विलंब दर्ज किया जा रहा है.
रेलवे के मुताबिक दरभंगा क्लोन स्पेशल, पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, दरभंगा संपर्क क्रांति, श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा स्वराज एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, श्रमशक्ति एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, कैफियत एक्सप्रेस, पूजा एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, ब्रहमपुत्र मेल, पदमावत एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस, दक्षिण सुपरफास्ट, पूर्वा एक्सप्रेस, लखनऊ मेल,, गोल्डन टेंपल और रानीखेत एक्सप्रेस समेत 36 ट्रेनें दिल्ली, नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और आनंद विहार अपने निर्धारित समय से घंटों देरी के साथ पहुंचेंगी. यात्री अपनी यात्रा के निकलने से पहले इन सभी ट्रेनों का रनिंग स्टेट्स चेक करने के बाद ही शुरुआत करें. इससे उनको अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
यह सभी फ्लाइट्स विलंब से चल रहीं
इस बीच देखा जाए तो कोहरे की मार का असर सिर्फ ट्रेनों पर ही नहीं बल्कि हवाई मार्ग पर भी बड़े स्तर पर देखा जा रहा है. विजिबिलिटी स्तर के बेहद कम होने के चलते 35 से अधिक फ्लाइट्स (flights) भी अपने निर्धारित समय से घंटों विलंब से उड़ान भर रही हैं. नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ने वाली फ्लाइट्स के टाइमिंग को रिशेड्यूल किया गया है.
इन फ्लाइट्स में दिल्ली-काठमांडू (Delhi-Kathmandu), दिल्ली-जयपुर (Delhi-Jaipur), दिल्ली-शिमला (Delhi-Shimla), दिल्ली-देहरादून (Delhi-Dehradun), दिल्ली-चंडीगढ़-कुल्लू (Delhi-Chandigarh-Kullu) फ्लाइट्स राष्ट्रीय राजधानी में पड़ रही ठंड और कोहरे की वजह से अपने निर्धारित समय से कुछ विलंब से परिचालित की जा रही हैं. फ्लाइट्स से जाने वाली यात्री सुविधानुसार इनसे संबंधित जानकारी प्राप्त कर ही यात्रा का प्लान बनाएं.